सोनिया ने खौफ पैदा करने को लगाए झूठे आरोप: बीजेपी

सोनिया ने खौफ पैदा करने को लगाए झूठे आरोप: बीजेपी

सोनिया ने खौफ पैदा करने को लगाए झूठे आरोप: बीजेपी नई दिल्ली : सोनिया गांधी द्वारा भाजपा पर समाज को सांप्रदायिक आधार पर बांटने, कट्टरता और द्वेष फैलाने का के आरोप पर पलटवार करते हुए मुख्य विपक्षी दल ने शुक्रवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में हार सुनिश्चित देख कर खौफ का माहौल बनाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने यह झूठा आरोप लगाया है।

भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि सोनिया का आज का भाषण पाखंड का प्रतीक है। वह भाजपा को साम्प्रदायिक पार्टी कह रही हैं, लेकिन है इसका एकदम उलटा। कांग्रेस देश की सबसे बड़ी साम्प्रदायिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में 1984 में 4 दिन के भीतर चुन चुन कर 4000 सिख मारे गए। कांग्रेस के शासन में 1947 से 30 हजार से अधिक साम्प्रदायिक दंगे हुए जिनमें 70 हजार लोगों की जान गई, उसके शासन में कश्मीर में 10 लाख लोग अपने ही देश में शरणार्थी हो गए, कांग्रेस देश का धर्म के आधार पर बंटवारा करने वाली मुस्लिम लीग के साथ सरकार बनाए हुए है।

मुख्य विपक्षी दल के प्रवक्ता ने कहा कि देश की अगर कोई साम्प्रदायिक पार्टी है तो वह कांग्रेस है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी की हार सुनिश्चित मान कर जनता के मन में (भाजपा के प्रति) खौफ पैदा करने की रणनीति के तहत यह आरोप लगाया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सम्मेलन में दिए अपने भाषण में भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे मुख्य राजनीतिक विपक्ष का रास्ता क्या है? यह समाज को बांटने और सांप्रदायिक आधार पर अलग अलग करने का है। यह कट्टरता और द्वेष फैलाने का है। यह एकता के नाम पर एकरूपता थोपने का है। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 17, 2014, 14:54

comments powered by Disqus