Last Updated: Thursday, May 22, 2014, 22:11
नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और इसके बाद अपने इस्तीफे की संभावना से इंकार किया। लोकसभा चुनावों में उनके प्रदेश में पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था।
सोनिया गांधी से मुलाकात करने के बाद सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैंने इस्तीफा नहीं दिया है। किसी ने मुझे इस्तीफा देने को नहीं कहा है।’ उन्होंने कहा कि उनके इस्तीफे की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि लोकसभा चुनाव राज्य के चुनाव नहीं थे।
सिंह ने कहा, ‘यह हिमाचल प्रदेश का नहीं बल्कि पूरे देश का चुनाव था। लोगों ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए मतदान किया न कि हिमाचल प्रदेश के विकास के मुद्दे पर।’ कांग्रेस प्रदेश की चारों संसदीय सीटों पर हार गयी थी। सिंह की पत्नी और मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह भी मंडी सीट से चुनाव हार गयीं। सिंह ने पहले कहा था कि यह पार्टी की हार है न कि मुख्यमंत्री की और यह उनकी जिम्मेदारी नहीं है क्योंकि संबंधित मुद्दे उनके नियंत्रण से बाहर के थे। (एजेंसी)
First Published: Thursday, May 22, 2014, 22:11