Last Updated: Wednesday, February 5, 2014, 12:09

लंदन: क्या आप जानते हैं कि मिस्र में गीजा के विशाल पिरामिड के अलावा सात छोटे पिरामिड भी हैं? अब आप जान जाइए।
दक्षिण मिस्र में इदफू की प्राचीन बस्ती के समीप काम करने वाले पुरातत्वविदों ने एक स्टेप पिरामिड की तलाश की है जिसका निर्माण ईसा पूर्व 2600 के आसपास (करीब 4600 वर्ष पहले) हुआ था। यह गीजा के पिरामिड से भी पुराना प्रतीत होता है। खोजा गया स्टेप पिरामिड सात `प्रारंभिक` पिरामिडों में से एक है जिसका निर्माण या तो फराओ हुनी या स्नेफ्रू ने कराया होगा। मूलरूप में यह 43 फुट ऊंचा रहा होगा जो अब आधार से मात्र 16 फीट मापा गया है।
शिकागो विश्वविद्यालय के ओरियंटल इंस्टीच्यूट के एक अनुसंधान सहायक ग्रेगोरी मैरोउआर्ड ने टोरंटो में सोसायटी फॉर द स्टडी ऑफ इजीप्टियन एंटीक्यूटीज द्वारा आयोजित संगोष्ठी में कहा कि एक पिरामिड से दूसरे की सादृश्यता वास्तव में आश्चर्यजनक है और निश्चित रूप से इनकी साझा योजना रही होगी।
टीम ने एक स्थान के अवशेष पाया जहां भोज्य पदार्थ अर्पित किया जाता होगा। इस खोज का महत्व इस प्रकार के पिरामिड समझने के लिए है, क्योंकि इससे इस रहस्य का सुराग मिलता है कि इसका क्या इस्तेमाल किया जाता होगा। मध्य एवं दक्षिण मिस्र की सभी बड़ी बस्तियों के समीप पाए जाने वाले इन प्रारंभिक पिरामिडों में कोई आंतरिक चैंबर नहीं हैं और इनका निर्माण दफन के लिए नहीं कराया गया था। अध्ययन से पता चलता है कि सात छोटे पिरामिडों का निर्माण तब रोक दिया गया, जब फराओ खूफू ने ग्रेट पिरामिड का निर्माण कार्य शुरू किया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, February 5, 2014, 12:09