Last Updated: Thursday, April 24, 2014, 17:46
ज़ी मीडिया ब्यूरोमुंबई : क्रिकेट के भगवान और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने अपने 41 वें जन्मदिवस की शुरुआत वोट डालकर की की। सचिन ने ट्वीट किया, मैंने वोट दिया है, क्या आपने अपना मत दिया? महान देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में मेरे जन्मदिन की शानदार शुरुआत हुई। उधर, इस महान क्रिकेट को ट्विटर के जरिए जन्मदिन की बधाईयां देने वालों का तांता लग गया।
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने सचिन को बधाई देते हुए ट्वीट किया, उस व्यक्ति को जन्मदिन मुबारक, जिन्होंने मुझे यह खेल खेलने के लिए प्रेरित किया। जन्मदिन मुबारक हो सचिन पाजी। भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, जन्मदिन मुबारक हो, आपको सारी खुशियां प्राप्त हों। आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करके खुश हूं। रोहित अब भी इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस टीम के हिस्सा होने के नाते सचिन ड्रेसिंग रूम साझा करते हैं। नवंबर 2013 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद यह सचिन का पहला जन्मदिन है। यह महान क्रिकेटर हालांकि अब भी मुंबई इंडियंस के साथ टीम मेंटर के रूप में जुड़ा हुआ है।
भारतीय टीम से बाहर चल रहे गौतम गंभीर ने लिखा, जन्मदिन मुबारक को सचिन पाजी। श्रीसंत ने लिखा, मेरे क्रिकेट भगवान को जन्मदिन की बहुत बहुत बधाई। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने भी टेस्ट और वनडे क्रिकेट के सर्वाधिक रन जुटाने वाले खिलाड़ी को बधाई दी। उन्होंने लिखा, जन्मदिन मुबारक हो, स्टाइल में जन्मदिन का जश्न मनाओ। श्रीलंकाई क्रिकेटर रसेल अर्नोल्ड ने तेंदुलकर की लंबे जीवन की कामना की। अर्नोल्ड ने ट्वीट किया, सचिन तेंदुलकर आज 41 वर्ष के हो गये। जन्मदिन मुबारक हो। ऐसे ही कितने और जन्मदिन मनाते रहो।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी सचिन को बधाई दी। उन्होंने कहा, आपके लिए हर दिन कुछ नया और उत्साह लेकर आए। आपके लिए यह जन्मदिन आप जितना ही शानदार रहे। सचिन संयुक्त अरब अमीरात से लौटे हैं, जहां आईपीएल 7 चल रहा है। उनके करीबी सूत्रों के अनुसार वह अपना जन्मदिन शहर में परिवार और दोस्तों के साथ मना रहे हैं। सचिन ने अपने चमचमाते अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत टेस्ट में 53.78 के औसत से 15,921 रन और 463 वनडे में 44.83 के औसत से 18426 रन बनाकर किया। उन्होंने इस दौरान 100 शतक जमाए, जिसमें से 51 टेस्ट में बने हैं।
First Published: Thursday, April 24, 2014, 17:46