Last Updated: Wednesday, December 4, 2013, 23:35

नई दिल्ली : अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के लिहाज से बड़ी परीक्षा माने जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज हुए मतदान में रिकॉर्ड 66 प्रतिशत मतदाताओं ने भाग लिया। भाजपा और आम आदमी पार्टी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।
भाजपा ने कांग्रेस को चौथी बार आने से रोकने के लिए भरसक प्रयास किये वहीं पहली बार मैदान में उतरी अरविंद केजरीवाल की आप पार्टी ने भी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर दोनों बड़े दलों को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। दिल्ली के कुल 1.19 करोड़ मतदाताओं में से करीब 80 लाख ने 810 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस जहां एक बार फिर सत्ता में आने के लिए आतुर है वहीं हषर्वर्धन की अगुवाई में भाजपा और केजरीवाल के नेतृत्व में आप ने भी पूरी ताकत लगा दी है।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजयदेव ने शाम को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, मतदान करीब 66 प्रतिशत रहा है। चुनाव में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने बताया कि शाम करीब छह बजे तक लगभग 70,000 लोग कतारों में खड़े थे। आज दिल्ली में हुआ मतदान यहां पिछले दो दशक में हुए सभी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में एक रिकॉर्ड है।
आज सुबह सबसे पहले मतदान करने वालों में उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हषर्वर्धन आदि शामिल रहे।
अपने राजनीतिक कॅरियर के सबसे कड़े मुकाबले का सामना कर रहीं शीला दीक्षित ने कहा कि वह चुनाव परिणामों को लेकर आशान्वित हैं। इस बार के चुनाव में महंगाई और सत्ता-विरोधी लहर मुख्य मुद्दे हैं जो 15 साल से सत्ता में बैठी कांग्रेस के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं।
सोनिया गांधी ने मतदान करने के बाद दिल्ली चुनावों में अपनी पार्टी की लगातार चौथी बार जीत का विश्वास जताया।
उन्होंने निर्माण भवन मतदान केंद्र में वोट डालने के बाद मुस्कराते हुए कहा, हम जीतेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि शीला दीक्षित ने दिल्ली में बहुत अच्छा काम किया है। मुझे लगता है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेंगी। कुछ जगहों से ईवीएम में खराबी की भी शिकायतें आईं लेकिन बाद में उन्हें सुधार लिया गया। एक अधिकारी ने बताया, हमने कुल 112 ईवीएम को बदला। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, December 4, 2013, 18:57