Last Updated: Sunday, October 27, 2013, 12:16
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली। दिल्ली में दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता हासिल करने के इरादे से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज (रविवार को) उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में रैली को संबोधित करेंगे। दिल्ली में राहुल की यह पहली रैली होगी। राहुल की रैली में सबकी नजरें इस बात पर लगी होगी कि वे भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को उदयपुर रैली में सुनाई गई कहानी पर क्या जवाब देंगे।
नरेंद्र मोदी ने कहा था कि राजस्थान का एक पुलिस अफसर कांग्रेस का टिकट मांगने के लिए घूम रहा था। वह राहुल के पास चला गया। उसी ने यह कहानी राहुल को सुनाई, जो राहुल के मुंह से देश ने सुनी। मोदी ने लोगों से सवाल किया कि क्या ऐसे लोगों के भरोसे देश चलेगा।
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने रैली की तैयारी के संबंध में मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इसे सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। दीक्षित ने कहा कि यहां चुनाव को लेकर राहुल की यह पहली रैली होगी। हमें लोगों के भारी संख्या में पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हमने रैली के लिए सारी तैयारियां कर ली हैं। हम रैली की सफलता को लेकर आश्वस्त हैं। दिल्ली कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं, सांसदों के रैली में उपस्थित रहने की उम्मीद है।
First Published: Sunday, October 27, 2013, 12:13