Last Updated: Tuesday, November 26, 2013, 20:41

नई दिल्ली : दिल्ली में 15 साल बाद जीतने की आस लगाए बैठी भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) का नाम लिए बिना मंगलवार को यहां के मतदाताओं से अपील की वे दिल्ली विधानसभा चुनाव में छोटे दलों को अपना वोट देकर कर उसे ‘व्यर्थ’ नहीं करें। उसने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में मुख्य विपक्षी दल की विजय की बुनियाद बनेगी।
लोकसभा में विपक्ष की नेता ने यहां कई चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके शासन में आम लोगों पर हर तरह का बोझ बढ़ता जा रहा है और इसके चलते राष्ट्रीय राजधानी नहीं, बल्कि पूरे देश में उसके विरूद्ध जबर्दस्त शासन विरोधी माहौल बना है।
उन्होंने कहा कि देश भर में शासन विरोधी जबर्दस्त लहर उठी है। जनता कांग्रेस को अस्वीकार करने का मन बनाए हुए है। आप हमारे पक्ष में कांग्रेस को खारिज कीजिए और छोटे दलों के पक्ष में मतदान करके अपने वोट को बेकार मत कीजिए। सुषमा ने कहा कि दिल्ली की जनता पर दोहरे बोझ की मार पड़ रही है। केन्द्र पेट्रोल और खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ा कर ऐसा कर रही है तो दिल्ली सरकार बिजली और पेय जल की दरों को बढ़ा कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की विजय अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत की बुनियाद डालेगी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, November 26, 2013, 20:41