Last Updated: Sunday, December 1, 2013, 00:11
द्वारका (नई दिल्ली) : दिल्ली में अपनी पार्टी का चुनाव प्रचार तेज करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि जो सभी को साथ लेकर चल सकता है, वही देश को चला सकता है। उन्होंने पूर्वांचल के मतदाताओं से नजदीकी साधने का प्रयास करते हुए कहा, यदि बाहरी काम करना बंद कर दें, पूरी दिल्ली रूक जाएगी। बिहार में सरकार चला रही कुमार की पार्टी जदयू दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुल 70 सीटों में से 27 पर लड़ रही है।
पार्टी महासचिव जावेद रजा ने बताया कि दो दिन के दिल्ली दौरे पर आए कुमार ने आज यहां द्वारका, संगम विहार और ओखला में तीन रैलियों को संबोधित किया। कल वह किराड़ी, बुराड़ी और घोडा में तीन और रैलियों को संबोधित करेंगे। कुमार की ज्यादातर रैलियां उन क्षेत्रों में रखी गयी हैं जहां पूर्वांचलियों की अच्छी खासी आबादी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, जो बाहरियों को बोझ बताते हैं, उन्हें जान लेना चाहिए कि दिल्ली सभी की है और सभी का इस पर समान अधिकार है। उन्हें यह समझना चाहिए कि ये लोग बोझ नहीं हैं बल्कि ये अपने उपर बोझ ले रहे हैं। यदि ये लोग किसी दिन इस बोझ को उठाना बंद कर दें तो पूरी दिल्ली रूक जाएगी।
नीतीश ने कहा, ये वे लोग हैं जो भव्य भवनों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं लेकिन बिना मूलभूत सुविधाओं के रहते हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, कांग्रेस और भाजपा दोनों इसके लिए समान रूप से जिम्मेदार है क्योंकि भाजपा स्थानीय निकायों में सत्तासीन है तो कांग्रेस की सरकार है और उसकी भी इसे पूरा करने की जिम्मेदारी है।
अपने चिर प्रतिद्वंद्वी मोदी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा, हमारे देश में विभिन्न जातियों, पंथों और धर्मों के लोग रहते हैं। जो व्यक्ति समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चल सकता है, वही देश को चला सकता है। जिस तरह की नीतियां देश पर डालने की कोशिश की जा रही हैं , वे शुभ नहीं हैं। अपने पार्टी प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि जबतक पिछड़े राज्य तरक्की नहीं करते, देश विकास नहीं करेगा। इस बार जो जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं उनमें कांग्रेस जैसी पार्टियों के पांच पूर्व विधायक तथा चार मौजूदा पार्षद हैं।
1993 में जनता दल के टिकट पर पहली बार चुनाव जीत चुके मटिया महल के विधायक सुहैब इकबाल जदएस, लोजपा होते हुए जदयू में आ गए। जदयू मानता है कि दिल्ली में कुछ सीटें जीतने से उसे राष्ट्रीय राजधानी में एक मंच मिल जाएगा। कुछ समय पहले राज्यसभा सदस्य साबिर अली को दिल्ली का पार्टी प्रभारी बनाया गया था। जहां नीतीश कुमार की आज यहां रैलियां हुई, वहीं मोदी ने भी अपनी पार्टी भाजपा के पक्ष में रैलियां संबोधित की। (एजेंसी)
First Published: Sunday, December 1, 2013, 00:11