Last Updated: Sunday, December 8, 2013, 20:58

भोपाल : मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भले ही लगातार तीसरी जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाने में सफलता हासिल की हो, मगर उसकी सरकार के सात मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है। राज्य के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सरकार के 33 में से 30 मत्रियों को मैदान में उतारा था। इन 30 मंत्रियों में से सात को हार मिली है। ताकतवर मंत्रियों में शुमार लक्ष्मीकांत शर्मा को सिरोंज से कांग्रेस के गोवर्धन लाल ने 1584 मतों से शिकस्त दी है। इसी तरह पाटन विधानसभा क्षेत्र से अजय विश्नोई कांग्रेस के नीलेश अवस्थी से 12 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से हार गए हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे और मंत्री अनूप मिश्रा को भितरवार क्षेत्र में कांग्रेस के लाखन सिंह से साढ़े छह हजार से ज्यादा वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। इसी तरह राजनगर से मंत्री रामकृष्ण कुसमारिया को कांग्रेस के विक्रम सिंह उर्फ नाती राजा ने साढ़े आठ हजार से ज्यादा मतों के अंतर से शिकस्त दी।
कांग्रेस के पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने पवई से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी मंत्रियों में से एक बृजेंद्र प्रताप सिंह को साढ़े ग्यारह हजार के मतों के अंतर से परास्त किया है। इसके अलावा जतारा से हरिशंकर खटीक और इच्छावर से करण सिंह वर्मा भी चुनाव हार गए हैं।
First Published: Sunday, December 8, 2013, 20:58