Last Updated: Friday, November 8, 2013, 17:42

कांकेर (छत्तीसगढ़) : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि रमण सिंह की सरकार लोगों खास कर आदिवासियों के अधिकार छीन रही है। राहुल ने भाजपा पर भ्रष्टाचार का चैंपियन होने का आरोप लगाया।
राहुल ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम युवाओं, आदिवासियों, महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं..लेकिन भाजपा अधिकार छीनना चाहती है। सभी जानते हैं कि महिलाओं के साथ यहां क्या होता है। हम जब सत्ता में आएंगे तो महिलाओं का ध्यान रखेंगे।’’
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि रैली से पहले स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि वहां स्कूलों में टीचर नहीं हैं। उन्होंने रमन सिंह की सरकार से सवाल किया, ‘‘शिक्षक कहां हैं, क्या अस्पतालों में डाक्टर हैं?’’ राहुल ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार उद्योगपतियों के हितों को साध रही है। ‘‘वे (उद्योगपति) आपकी जमीन, आपके जंगल छीन रहे हैं।’’
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि जहां भाजपा दावे करती है कि उनकी ‘‘चमकती सरकार है, मैं जो कुछ देख रहा हूं वह परेशानी है। औरतें परेशान हैं।’’ (एजेंसी)
First Published: Friday, November 8, 2013, 17:42