Last Updated: Saturday, November 2, 2013, 23:47
ज़ी मीडिया ब्यूरोभोपाल : मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में टिकट बंटवारे को लेकर उपजा असंतोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जहां प्रदेश भाजपा कार्यालय पर हंगामा किया, वहीं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री देवी सिंह सैयाम ने टिकट नहीं मिलने पर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
भाजपा की केंद्रीय समिति ने 147 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में शामिल कई उम्मीदवारों को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष है और वे बगावत की तैयारी में हैं। मालवा सिवनी से वन मंत्री सरताज सिंह को फिर उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पार्टी दफ्तर में हंगामा किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी ने जनभावना को नजरअंदाज कर सरताज सिंह को फिर उम्मीदवार बनाया है।
इसी तरह सीहोर से उषा सक्सेना को उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया है। उषा को उनके पति रमेश सक्सेना के स्थान पर उम्मीदवार बनाया गया है। रमेश वर्तमान में विधायक हैं। वहीं, मंडला से विधायक व राज्य सरकार के मंत्री देवी सिंह सैयाम ने शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा मंडला के पार्टी जिलाध्यक्ष को भेजा है। सैयाम इस बार उम्मीदवार न बनाए जाने से नाराज हैं।
First Published: Saturday, November 2, 2013, 23:47