Last Updated: Friday, November 8, 2013, 11:43
ज़ी मीडिया ब्यूरोभोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के मतदान से पहले कराए गए ज़ी मीडिया-सी फोर के सर्वे के अनुसार मध्य प्रदेश और छत्तीगढ़ में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होगी। सर्वे के अनुसार, मध्यप्रदेश में 25 नवंबर को होने वाले चुनाव में भाजपा को 230 सीटों में से 100 से 110 सीटें मिल सकती हैं। सर्वे में बताया गया है कि सत्ताधारी पार्टी कुल वोट का 35 प्रतिशत वोट प्राप्त कर सकती है। दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी को कुल वोट का 34 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना बताई गई है। कांग्रेस 99 से 109 सीटें जीत सकती है। बहुजन समाज पार्टी 5 से 12 पर कब्जा कर सकती है। जबकि सर्वे में कहा गया है कि अन्य के खाते में 10 से 17 सीटें जा सकती हैं।
सर्वे में 51 प्रतिशत मतदाताओं ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शिवराज सिंह चौहान को पसंद किया है। जबकि कांग्रेस की ओर से 31 प्रतिशत मतदाताओं ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को पसंद किया है। 46 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने भी चौहान को पसंद किया है। 36 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने सिंधिया को पसंद किया। चौहान ग्रामीण और शहरी मतदाताओं दोनों में पॉपुलर हैं। शहरी इलाकों में चौहान को सिंधिया से 24 प्रतिशत के मुकाबले 59 प्रतिशत मतदाताओं ने पसंद किया है। सर्वे में यह भी पाया गया कि सिंधिया मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री के तौर पर केंद्रीय मंत्री कमल नाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से बेहतर साबित होंगे।
छत्तीसगढ़ में भी कांटे की टक्कर बताई गई है। ज़ी मीडिया-सी फोर सर्वे के अनुसार, प्रदेश में सत्ताधारी पार्टी भाजपा और विपक्षी पार्टी कांग्रेस दोनों को कुल 90 सीटों में से 41 से 46 सीटों के बीच मिल सकती है। वोट प्रतिशत में भी दोनों पार्टियों को 39 प्रतिशत प्राप्त होने की संभावना बताई गई है। बीएसपी को 1 से 2 सीटें मिल सकती है। अन्य के खाते में 2 से 3 सीटें जा सकती हैं।
First Published: Friday, November 8, 2013, 11:33