Last Updated: Monday, December 9, 2013, 19:14

ऐजल : चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में करारी हार का सामना कर चुकी कांग्रेस ने मंगलवार को मिजोरम में जमकर वापसी की और राज्य पर अपना कब्जा बरकरार रखा। 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए हो रही मतगणना के यहां घोषित नतीजों में कांग्रेस ने 27 पर विजय दर्ज कर दो तिहाई बहुमत हासिल कर लिया।
अभी तक घोषित नतीजों में मिजो नेशनल फंट्र काफी पीछे चल रही है। चार बार से राज्य के मुख्यमंत्री रहे ललथनहवला ने सेरछिप और हरंगतुजरे दोनों सीटों पर जीत हासिल की है।
सेरछिप में वह 734 मतों के अंतर से विजयी हुए हैं और उन्होंने अपने एमएनएफ प्रतिद्वंदी ललरामजुआवा को हराया। हरंगतुजरे में मुख्यमंत्री ने मिजोरम पीपल्स कांफ्रेंस के ललथनसंगा को 1638 मतों के अंतर से हराया है।
सरकार के कुल ग्यारह मंत्रियों में से जिन आठ ने विजय दर्ज की वे हैं -आर ललजिरलियाना (गृह) ,जे एच रोथुआमा (सहकार), पीसी जोरम संगलियाना (परिवहन) ,एच रोहलुना (वानिकी), ललरिनलियाना सैलो (स्वास्थ्य), ललसौता (शिक्षा) ,जोदिंतलुआंगा (खेल) और पीसी ललथनलियाना (समाज कल्याण)। विधानसभा अध्यक्ष आर रोमाविया भी प्रतिष्ठित ऐजल नार्थ-एक सीट से विजयी हुए हैं।
चुनाव नतीजों के बारे में ललथनहवला ने कहा कि उनकी सरकार के पांच साल के कार्यकाल के पूरा होने पर जो सत्ता विरोधी लहर महत्वपूर्ण भूमिका निभाती वह सत्ता समर्थक लहर में बदल कर कांग्रेस के पक्ष में चली है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं राज्य में अगली सरकार बनाने जा रहा हूं।’’ (एजेंसी)
First Published: Monday, December 9, 2013, 08:16