Last Updated: Monday, November 11, 2013, 14:59

जोरामथंगा मिजोरम के मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के अध्यक्ष हैं। वर्ष 1998 से दिसंबर 2008 तक मिजोरम के मुख्यमंत्री रहे जोरामथंगा का जन्म 13 जुलाई 1944 को हुआ। जोरामथंगा की पार्टी एमएनएफ 2008 के विधानसभा चुनावों में इंडियन नेशनल कांग्रेस से हार गई। वर्ष 2008 के विस चुनाव में सत्ता विरोधी लहर चली और जोरामथंगा को चम्पाई नार्थ एवं साउथ दोनों सीटों से हाथ धोना पड़ा।
वर्ष 1966 में जब मिजो फ्रीडम मूवमेंट शुरू हुआ तो जोरामथंगा इस आंदोलन में शामिल हो गए। इस आंदोलन में उन्हें रन बुंग क्षेत्र का सचिव बनाया गया। इस पद पर वह तीन वर्षों तक कार्यरत रहे। वर्ष 1969 में एमएनएफ के सभी कैडर पूर्वी पाकिस्तान (बांग्लादेश) चले गए। बाद में एमएनएफ के अध्यक्ष पु लालडेंगा ने जोरामथंगा को अपना सचिव बनाया। लालडेंगा के सचिव के रूप में जोरामथंगा ने सात वर्षों तक काम किया। वर्ष 1979 में जोरामथंगा एमएनएफ के उपाध्यक्ष बनाए गए।
अलगाववाद के दौरान जोरामथंगा को गिरफ्तार भी किया गया। जोरामथंगा मिजोरम की कार्यवाहक सरकार में मंत्री भी बनाए गए। लालडेंगा के नेतृत्व में जब 1987 में एमएनएफ की सरकार बनी तो जोरामथंगा को वित्त एवं शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई और 1990 में लालडेंगा के निधन के बाद जोरामथंगा को पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया। एमएनएफ ने 1998 का विधानसभा चुनाव जोरामथंगा के नेतृत्व में लड़ा। इस चुनाव में एमएनएफ को जीत हासिल हुई और जोरामथंगा राज्य के पांचवें मुख्यमंत्री बने। वर्ष 2003 के विस चुनावों में जोरामथंगा फिर से चुने गए लेकिन 2008 के चुनावों में वह चम्फाई की दोनों सीटों से हार गए।
First Published: Monday, November 11, 2013, 13:39