Last Updated: Sunday, November 24, 2013, 13:22
ज़ी मीडिया ब्यूरोबांसवाड़ा (राजस्थान) : राजस्थान के बांसवाड़ा में रविवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस राजस्थान को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर नहीं निकाल पाएगी। राजस्थान का विकास वसुंधरा राजे की सरकार ही कर सकती है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस को 60 साल सरकार चलाने के बाद भी पता नहीं पाया कि देश में आदिवासी रहते हैं। अटल बिहारी वाजपेयी ने पहली बार आदिवासियों के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया। पहली बार आदिवासियों के लिए अलग से बजट बनाया गया। यह काम 60 सालों तक कांग्रेस को याद नहीं आया।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस दलितों, गरीबों, पीड़ितों एवं आदिवासियों को सिर्फ मतदाता मानती है। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘शहजादे’ गरीब की माला जपते हैं। लेकिन उन्हें अपने पड़ोस की गरीबी नहीं दिखाई देती।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने वादा किया था कि 100 दिन में वह महंगाई पर लगामी लगाएगी लेकिन उसने अपना वादा नहीं निभाया। कांग्रेस ने जनता के साथ धोखाधड़ी की है। जो धोखा करते हैं उन्हें कभी माफ नहीं करना चाहिए।
मोदी ने पूछा कि जहर फैलाना चुनाव का मुद्दा है क्या। राजस्थान की जनता के लिए कांग्रेस ने क्या किया, उसे इसका जवाब देना चाहिए। मोदी ने पूछा कि क्या उन्होंने जहर फैलाया।
आजादी की लड़ाई में आदिवासी लोगों के योगदान का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा, ‘अंग्रेजी सल्तनत गोविंद गुरु के नाम से कांपती थी। आजादी की लड़ाई में जिन आदिवासी भाइयों ने अपनी शहादत दी, उन्हें मैं आज नमन करता हूं।’
मोदी ने कहा कि हिंदुस्तान के दिमाग में भर दिया है कि देश को आजादी सिर्फ एक परिवार ने दिलाई।
First Published: Sunday, November 24, 2013, 13:22