Last Updated: Wednesday, December 4, 2013, 23:02

नई दिल्ली : मतदान के बाद आए एक सर्वेक्षण में बुधवार को बताया गया है कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारी बहुमत से सत्ता में लौट रही है और राजस्थान में यही पार्टी कांग्रेस से सत्ता झटकने में कामयाब होती दिख रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ में वह बहुमत से पिछड़ रही है।
सर्वेक्षण में यह भी बताया गया है कि दिल्ली और मिजोरम में त्रिशंकु विधानसभा उभरने के आसार हैं। यह अनुमान `इंडिया टीवी-सी वोटर` ने जाहिर किया है। इंडिया टीवी-सी वोटर के मतदान बाद सर्वेक्षण के मुताबिक, 90 सदस्यों वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा में भाजपा को साधारण बहुमत से दो सीटें कम मिल सकती हैं।
200 सीटों वाली राजस्थान विधानसभा के लिए 199 सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा को सर्वेक्षण में 130 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की गई है। कांग्रेस को सिर्फ 48 सीटें, जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को चार और अन्य पार्टियों को 17 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश में भाजपा को 230 में से 128 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की गई है। कांग्रेस को यहां 92 सीटें, बसपा को छह और अन्य को चार सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
नई दिल्ली में कांग्रेस को गहरा झटका लगने की संभावना है। सर्वे के मुताबिक भाजपा को 29 सीटें, कांग्रेस को 21 और आम आदमी पार्टी को 16 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। बसपा को यहां दो सीटें और अन्य के खाते में दो सीटें जाने का अनुमान जाहिर किया गया है। सर्वे के अनुसार, 40 सीटों वाली कांग्रेस शासित मिजोरम विधानसभा में सत्ताधारी दल को 19 सीटें मिल सकती है। मिजो नेशनल फ्रंट व मिजो पीपुल्स कान्फ्रेंस 14 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती हैं, जबकि जोरम नेशनलिस्ट पार्टी को पांच और अन्य को दो सिटें मिलने की संभावना है। चारों राज्यों में मतों की गणना 8 दिसंबर को होगी। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, December 4, 2013, 23:02