Last Updated: Monday, November 25, 2013, 22:38
ज़ी मीडिया ब्यूरो बीकानेर (श्रीगंगानगर) : कांग्रेस नीत संप्रग सरकार की गलत नीतियों के कारण देश का आर्थिक विकास बदतर स्थिति में पहुंचने का आरोप लगाते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो विदेशों में जमा भारतीयों के काले धन को वापस लाने के लिए कानून बनाया जाएगा।
बीकानेर के डा. करणी सिंह स्टेडियम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कोई भी देश जब तक औद्योगिक, कृषि एवं सेवा क्षेत्र में आगे नहीं बढ़ेगा तब तक उसका विकास संभव नहीं है। केंद्र एवं राजस्थान की गलत नीतियों के कारण विकास दर की स्थिति बदतर हो गई है। विदेशों में भारतीयों के जमा कालेधन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आने पर कालेधन को वापस लाने के लिए कानून बनाया जाएगा।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने उतरप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार को बीमारु प्रदेश का दर्जा दे रखा था लेकिन जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं वहां से बीमारु प्रदेश का कलंक मिट गया है। राजस्थान के माथे पर आज भी बीमारु प्रदेश होने का कलंक है। उन्होंने कहा कि पिछली भारतीय जनता पार्टी की सरकार के समय राजस्थान की कृषि विकास दर 5 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, लेकिन कांग्रेस की वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के कारण कृषि विकास दर तीन प्रतिशत से भी नीचे आ गई है जबकि औद्योगिक विकास में भी कमी आ गई है। मोदी ने कहा कि राजस्थान प्रमुख पर्यटक स्थल है लेकिन कानून एवं व्यवस्था की स्थिति खराब होने के कारण इस क्षेत्र पर भी संकट का साया पड़ गया है।
उन्होंने कहा कि संप्रग के नेता कहते है कि चाय बनाने वाला देश का प्रधानमंत्री कैसे बन सकता है। यह देश की जनता ही तय करेगी कि कौन प्रधानमंत्री होगा लेकिन यह तय है कि अब देश बेचने वाले प्रधानमंत्री नही बन सकेंगे। श्रीगंगानगर के रामलीला मैदान से जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने जम्मू कश्मीर में सीमा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा भारतीय जवानों के सिर काटे जाने के मामले में केन्द्र की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। मोदी ने कहा कि सीमापर जब जवानों का सिर काटकर पाकिस्तानी सैनिक ले गए तब जयपुर में वहां के प्रधानमंत्री को भोजन कराया जा रहा था और इसे प्रोटोकाल बताया गया।
उन्होंने सवाल किया कि जो सरकार जवानों की शहादत को सम्मान नहीं दे सकती क्या उसको वोट दिया जाना चाहिए? उन्होंने कहा कि देश का स्वाभिमान होता है पर कांग्रेस को किसी प्रकार की चिंता नही है। इसलिए राजस्थान से ऐसी सरकार को उखाड़ फेंके। मोदी ने विलम्ब से पहुंचने पर लोगों से माफी मांगी।
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि आज देश में सैनिकों की हालत सबके सामने हैं। देश की बागडोर ऐसे हाथों में है जो दुश्मन को सख्त संदेश देने में विफल रही है जिससे मनोबल पर असर होता है। मोदी ने कहा कि गंगानगर जिले में कपास की खेती होती है। हमारा किसान मेहनत करके, खून पसीना एक करके कपास की खेती करता है। लेकिन जब उसे बेचने का समय आता है तो किसान को उसका सही दाम नहीं मिल पाता, क्योंकि दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार की नीतियां सही नहीं है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान बर्बाद हो रहा है।
मोदी ने केंद्र की संप्रग सरकार के कपास के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के फैसले की आलोचना की। जारी मोदी ने कहा कि यह सरकार पिंक रिवोल्यूशन का काम कर रही है और इसके तहत मांस का निर्यात किया जा रहा है। देश के पशुधन को समाप्त करने का अभियान चला हुआ है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि कांग्रेस ने पिछली बार लोकसभा चुनावों से पहले घोषणा पत्र में 100 दिन में महंगाई घटाने का वादा किया था, लेकिन महंगाई निरंतर बढ़ती जा रही है। सरकार इस पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
First Published: Monday, November 25, 2013, 22:37