चक्रवात से ओडिशा में आई बाढ़ से 25 लोगों की मौत

चक्रवात से ओडिशा में आई बाढ़ से 25 लोगों की मौत

चक्रवात से ओडिशा में आई बाढ़ से 25 लोगों की मौतभुवनेश्वर: चक्रवात फैलिन से ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश हुई और बाढ़ आ गई जबकि इससे मरने वालों की तादाद 25 हो गई। अधिकारियों ने बताया कि जहां 21 लोगों की मौत तेज गति के चक्रवात से हुई चार की मौत अन्य चक्रवात के कारण आई बाढ़ से हुई।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य के ज्यादातर हिस्से में भारी बारिश हुई । मयूरभंज और भद्रक जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई। विशेष राहत आयुक्त पी. के. महापात्र ने मृतकों का ब्योरा देते हुए बताया कि गंजाम में नौ लोगों की मौत हुई जबकि बालेश्वर में तीन, पुरी में तीन, नयागढ़ में दो और भद्रक, जगतसिंहपुर खुर्दा और बोलंगीर में एक एक लोगों की मौत हो गई।

इस बीच, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मयूरभंज और भद्रक में बाढ़ से दो दो लोगों की मौत हो गई। चक्रवात से नयागढ़, बोलंगीर और पुरी से लोगों के मरने की ताजा रिपोर्ट हैं। भद्रक मे सालंदी में बाढ़ के पानी में एक लड़के के लापता होने की खबर है।

ज्यादातर लोगों की मौत दीवार और पेड़ के गिरने से और बाढ़ की वजह से हुई। चक्रवात प्रभावित इलाकों में स्थिति सामान्य हो रही है। मुख्यमंत्री चक्रवात का सबसे ज्यादा कहर झेलने वाले गंजम जिले का हवाई सर्वेक्षण शुरू कर रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 14, 2013, 12:54

comments powered by Disqus