गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं आनंदीबेन पटेल,राज्यपाल ने दिलाई शपथ

गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं आनंदीबेन पटेल,राज्यपाल ने दिलाई शपथ

गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं आनंदीबेन पटेल,राज्यपाल ने दिलाई शपथगांधीनगर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता आनंदीबेन पटेल ने यहां गुरुवार को गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। उनके मंत्रिमंडल में 21 सदस्य हैं। गवर्नर कमला बेनीवाल ने 73 वर्षीया आनंदीबेन और उनके मंत्रियों को यहां महात्मा मंदिर कान्वेंशन सेंटर में आयोजित सार्वजनिक समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

आनंदीबेन ने पूर्व मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की जगह ली है। मोदी ने बुधवार को गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। वह सोमवार को भारत के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। आनंदी बेन बुधवार को ही भाजपा विधायक दल की नेता चुन ली गई थीं। शपथ ग्रहण समारोह में मोदी के अलावा के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और अरुण जेटली सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थे।

आनंदीबेन मोदी के करीबियों और वफादारों में से एक हैं। 73 वर्षीय इस नेता को मोदी की स्वभाविक उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा था क्योंकि उन्होंने मंत्रियों के उस दल की अगुवाई की जिसे मोदी के अपनी पार्टी के पक्ष में व्यस्ततम लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान में लगे रहने के दौरान राज्य के रोजमर्रा के कामकाज की जिम्मेदारी दी गयी थी।

आनंदीबेन के पास शहरी विकास, राजस्व और आपदा प्रबंधन जैसे अहम विभाग हैं। वह पहले शिक्षा विभाग की भी प्रभारी मंत्री रह चुकी हैं। वह मोदी की कुछ अहम परियोजनाएं सफलतापूर्वक चला रही हैं जिनमें महिला साक्षरता बढ़ाना भी शामिल है। मुख्यमंत्री पद के लिए आनंदीबेन के चुनाव में भाजपा के सामाजिक समीकरण का भी ध्यान रखा गया है क्योंकि पटेल राज्य में सबसे बड़ी और सर्वाधिक प्रभाव वाली जाति हैं दो दशक से अधिक समय से पटेल पार्टी के मुख्य जनाधार रहे हैं। (एजेंसी)


First Published: Thursday, May 22, 2014, 08:50

comments powered by Disqus