Last Updated: Monday, January 27, 2014, 11:30

पोर्ट ब्लेयर : बंगाल की खाड़ी में एक पर्यटक नाव के डूब जाने से उस पर सवार कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नाव पर 45 लोग सवार थे जिसमें तमिलनाडु के पुरम जिले और मुंबई के पर्यटक एवं क्रू के सदस्य थे। रॉस आईलैंस नॉर्थ बे जाते समय नाव डूब गई। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस हादसे पर दुख जताया है।
जिला नियंत्रण कक्ष में जो हेल्पलाइन नंबर बनाए गए हैं वे इस प्रकार से हैं : 1070, 03192-240127, 230178, 238881 और जी. बी. पंत अस्पताल के नंबर हैं : 03192-230629, 9933274092। स्थानीय हेल्पलाइन नंबर 102 है।
दक्षिण अंडमान जिला प्रशासन ने 22 लोगों की मौत की पुष्टि की और कहा कि 13 लोगों को बचा लिया गया। सूत्रों ने कहा कि नागरिक प्रशासन एवं तटरक्षक बल जैसे रक्षा प्रतिष्ठानों ने शेष यात्रियों को बचाने के लिए बचाव कार्य शुरू किया। संदेह है कि कुछ लोग नाव के केबिन ‘अक्वा मेरीन’ में फंसे होंगे।
सूत्रों ने कहा कि नाव में 25 यात्रियों की क्षमता थी लेकिन इसमें ज्यादा लोग सवार हो गए जिससे दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के पर्यटकों का एक समूह दक्षिण अंडमान जिले के प्रोथरापुर के एक रिसॉर्ट में ठहरा हुआ था और मुंबई के पर्यटकों का एक अन्य समूह भी नाव में सवार था।
लेफ्टिनेंट गवर्नर लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ए.के. सिंह ने मृतकों के परिजनों को एक लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की। सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे से बात की और दुर्घटना के बाद बचाव अभियान के लिए अपने आदेश के बारे में उन्हें जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा कि बचाए गए लोगों को पोर्ट ब्लेयर के जी. बी. पंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। दक्षिण अंडमान के अतिरिक्त जिलाधिकारी को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 26, 2014, 20:40