Last Updated: Friday, February 21, 2014, 15:59
हैदरबाद : आंध्रप्रदेश के राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन ने राज्य के मुख्यमंत्री एन. किरण रेड्डी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है जिससे रेड्डी सरकार की स्थिति को ले कर भ्रम आज खत्म हो गया। राज्यपाल ने वैकल्पिक व्यवस्था होने तक उनसे अपने पद पर बने रहने को कहा है।
राजभवन से जारी एक ज्ञापन में आज कहा गया, ‘राज्यपाल ने 19 फरवरी 2014 के प्रभाव से उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री नल्लारी किरण कुमार रेड्डी तथा मंत्रिपरिषद के उनके सहयोगियों से वैकल्पिक व्यवस्था होने तक पद पर बने रहने का आग्रह किया है।’
एकीकृत आंध्रप्रदेश समर्थक 53 वर्षीय रेड्डी ने आंध्रप्रदेश के विभाजन के विरोध में 19 फरवरी को राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंपा था। उन्होंने मुख्यमंत्री पद के साथ ही विधायक पद से और पार्टी सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया था।
इस बीच, दिल्ली से मिल रही रिपोटरें के अनुसार आंध्रप्रदेश राष्ट्रपति शासन की तरफ जा रहा है। राज्यपाल ने राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश की थी। कांग्रेस की आंध्र इकाई का एक हिस्सा अंतरित सरकार गठन की हिमायत कर रहा है। (एजेंसी)
First Published: Friday, February 21, 2014, 15:59