Last Updated: Saturday, May 31, 2014, 18:30
लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को आलोक रंजन को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि सरकार ने जावेद उस्मानी को हटाकर कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक रंजन को प्रदेश का नया मुख्य सचिव बना दिया।
उस्मानी को मार्च 2012 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार बनने के फौरन बाद प्रदेश का मुख्य सचिव बनाया गया था।
दिल्ली के सेंट स्टीफन कालेज से स्नातक और वर्ष 1978 बैच के आईएएस अधिकारी रंजन ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि वह सभी चुनौतियों का सामना करेंगे। अधिकारियों की टीम एक साथ होगी, मनोबल ऊंचा होगा तो जरूर कामयाबी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ प्रशासन देना उनकी प्राथमिकता होगी। बिजली संकट समेत प्रदेश से जुड़ी जो भी समस्याएं हैं उन्हें प्रभावी तरीके से जल्द से जल्द निपटाने की पूरी कोशिश की जाएगी। आईआईएम अहमदाबाद से शिक्षा प्राप्त रंजन उत्तर प्रदेश आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, May 31, 2014, 18:30