यूपी में शीतलहर का प्रकोप, स्कूल बंद करने के आदेश

यूपी में शीतलहर का प्रकोप, स्कूल बंद करने के आदेश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और राज्य के अन्य हिस्सों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्कूलों को 15 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ेगा। उप्र मौसम विभाग केअधिकारियों ने बताया कि पूर्वाचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी उप्र के अधिकांश जिले कोहरे की चपेट में है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

राजधानी लखनऊ के जिलाधिकारी अनुराग यादव ने सभी स्कूलों में वर्ग आठ तक की कक्षाएं 15 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। उप्र मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है। राजधानी के अलावा वाराणसी का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का पांच डिग्री, कुशीनगर का 6.5 डिग्री, कानपुर का चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच, घने कोहरे की वजह से प्रदेश में रेल एवं सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। कोहरे की वजह से परिवहन विभाग ने 50 से अधिक बसों के परिचालन पर रोक लगा दी है। इधर, कई रेलगाड़ियां भी अपने नियत समय से कई घंटे देर से चल रही हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 10, 2014, 10:36

comments powered by Disqus