'शहजादे' पर फिर बरसे मोदी, महंगाई के लिए केंद्र को ठहराया दोषी

'शहजादे' पर फिर बरसे मोदी, महंगाई के लिए केंद्र को ठहराया दोषी

'शहजादे' पर फिर बरसे मोदी, महंगाई के लिए केंद्र को ठहराया दोषीउदयपुर : कोयला घोटाले में शनिवार को सीबीआई पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए नरेन्द्र मोदी ने कहा कि ऐसा लगता है कि उसे सांप सूंघ गया हो। इस घोटाले में पूर्व कोयला सचिव भी प्रधानमंत्री पर अंगुली उठा चुके हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस को देश में प्याज की बढ़ती कीमतों पर कोई दुख नहीं है। प्याज के दाम पर नियंत्रण लगाने के बजाय वह सोने की तलाश में खुदाई कराने में व्यस्त है।

राजनीतिक लाभ के लिए सीबीआई का दुरूपयोग करने का आरोप लगाते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री प्रत्याशी ने कहा कि इसके विपरीत यदि उनके या अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ एक भी आरोप लगा होता तो सीबीआई उन्हें सलाखों के पीछे भेजने में एक मिनट का भी समय नहीं लगाती। लेकिन उसने प्रधानमंत्री के मामले में कुछ नहीं किया।

उन्होंने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं पूछना चाहता हूं कि दिल्ली सरकार को बचाने के लिए दिन रात खेल कौन खेल रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय के खिलाफ आरोप लगाये गये हैं। कोयला घोटाले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने सीधे प्रधानमंत्री के खिलाफ आरोप लगाये हैं।’’

मोदी ने कहा, ‘‘यदि वसुंधरा, नरेन्द्र मोदी, शिवराज सिंह या रमन सिंह के खिलाफ इस तरह के आरोप लगे होते तो सीबीआई उन्हें मिनटों में सलाखों के पीछे डाल देती। लेकिन अब सीबीआई को जैसे सांप सूंघ गया हो।’’
गुजरात के मुख्यमंत्री ने केन्द्र को आगाह किया कि चुनाव में मात्र छह माह बचे हैं और चुनाव से पहले बचे हुए 200 दिनों में पार्टी मौजूदा शासन के कुकृत्यों को बेनकाब कर देगी।

मोदी ने राहुल गांधी को ‘‘शहजादा’’ कहकर धर्मनिरपेक्षता की नसीहतें देने के लिए आड़े हाथ लिया। मुजफ्फरनगर दंगों के पीड़ितों से पाक एजेंसियों के संपर्क करने संबंधी कांग्रेस महासचिव की टिप्पणी का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि यह जानकारी कांग्रेस नेता को उस पुलिस अधिकारी से हुई बातचीत से मिली जो राजस्थान से कांग्रेस का टिकट चाह रहा है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि आपके राज्य में शहजादे आये थे। वह क्या बोलकर गये इसे कांग्रेस नेता सहित कोई नहीं समझ पाया। उन्होंने अशोक गहलोत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में 25 दंगे हुए। उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए सीबीआई के दुरूपयोग और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि विरोधियों को आवाज को कुचलने एवं उन्हें सलाखों के पीछे डालने के लिए सीबीआई का दुरूपयोग हो रहा है। मोदी ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह प्याज की बढ़ती हुई कीमतों पर लगाम कसने में विफल रही है। उन्होंने महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश एवं कर्नाटक की कांग्रेस शासित सरकारों पर सब्जी के दाम बढ़ाने के आरोप लगाये। इन तीनों राज्यों में ही देश का अधिकतर प्याज उत्पन्न होता है।

राजस्थान के पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर की बलात्कार के एक मामले में गिरफ्तारी का परोक्ष जिक्र करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं एवं कांग्रेस सरकार के मंत्रियों तक से मिलने में भी आश्वस्त महसूस नहीं कर रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राजस्थान में क्या किसी महिला..क्या किसी बहन, बेटी या मां में राजस्थान सरकार के किसी मंत्री से मिलने का साहस होगा क्योंकि राज्य में महिला की गरिमा का सम्मान नहीं किया जाता।’’ अशोक गहलोत सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य को तबाह कर दिया है।

मोदी ने रैली में सवाल किया, ‘‘क्या आप कांग्रेस सरकार को उखाड़ेंगे। राज्य से कांग्रेस को हमेशा के लिए हटा दीजिये और राजस्थान देश का चेहरा बदल देगा।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव करीब आने के साथ ही राज्य की कांग्रेस सरकार कमजोर महसूस कर रही है तथा भाजपा नेता गुलाब चंद कटारिया, राजेन्द्र राठौड़ के खिलाफ सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने ‘‘मुझे भरोसा है कि सीबीआई वसुंधरा तक पहुंचना चाहेगी।’’ मुजफ्फरनगर दंगों के बारे में राहुल की टिप्पणी का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘मुझे पता चला है कि राजस्थान पुलिस का एक अफसर कांग्रेस का टिकट पाने के लिए घूम रहा है। उसने शहजादे को एक कहानी बतायी और उन्होंने यह कहानी पूरी दुनिया को बता दी।’’

मोदी ने कहा, ‘‘क्या आप देश की बागडोर ऐसे लोगों को सौंपेंगे। मुझे यह तय नहीं करना है और न ही वसुंधरा को। आपको यह तय करना है कि कैसी सरकार बने। यह आपके हाथ में है।’’ उन्होंने राहुल पर आरोप लगाया कि वह अपनी दादी एवं पिता की कहानियां सुनाकर जनसभाओं में पारिवारिक धारावाहिक चला रहे हैं।

First Published: Saturday, October 26, 2013, 21:13

comments powered by Disqus