Last Updated: Friday, February 21, 2014, 13:29
ज़ी मीडिया ब्यूरोमुंबई: कॉस्मेटिक सर्जरी के जरिए खूबसूरत होने की ख्वाहिश अब शौक में तब्दील होती जा रही है। लड़के अब चाहते हैं कि वह खुद शाहरूख जैसा दिखे। लड़कियों की ख्वाहिश होती है कि उनके डिंपल भी दीपिका पादुकोण और नाक करीना कपूर के जैसे हो जाए। लेकिन ज्यादातर लोग यही जानते हैं कि कॉस्मेटिक सर्जरी महंगी होती है और आम आदमी के लिए उसे करा पाना मुमकिन नहीं होता है।
मुंबई में एक ऐसा सरकारी अस्पताल ऐसा है जहां यह चमत्कार किया जा रहा है। मुंबई में बाइकुला के जेजे अस्पताल में अस्पताल ने यह चमत्कार कर दिखाया है। जिस कॉस्मेटिक सर्जरी को अभी तक अमीरों की जागिर समझा जाता था उसे अस्पताल ने इतने सस्ते में कर दिखाया है कि आप हैरान रह जाएंगे।
अगर आप दीपिका पादुकोण के डिंपल या करीना की नाक के मुरीद हैं और खुद के लिए उन जैसा ही सेक्सी रूप चाहते हैं तो आप बर्गर की कीमत यानी सिर्फ 200 रुपये की कीमत में यह ऑपरेशन करवा लीजिए। पिछले एक साल से यहां के बाइकुला का एक सरकारी अस्पताल मात्र 200 रूपए में इन ऑपरेशन को अंजाम दे रहा है। 200 रुपये की कीमत मे इंसान पिज्जा या बर्गर खाने में खर्च कर देता है लेकिन यहां आप अपने शारीरिक अंगों को कॉस्मेटिक सर्जरी के जरिए मनचाहा आकार दे सकते हैं।
अस्पताल में नाक, गाल, होंठ की सर्जरी कर उसे और खूबसूरत बनाया जा रहा है। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक यहां हर समय लोगों की भीड़ लगी रहती है और अब तक 500 से भी ज्यादा लोगों ने अपना ऑपरेशन करवाया है।
गौर हो कि किसी भी निजी अस्पताल में डिंपल बनवाने का ऑपरेशन 25 हजार रूपए तक का पड़ता है। एक नाक लगवाने के लिए आपको अपनी जेब से 1 लाख रूपए तक ढ़ीले करने पड़ सकते हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Friday, February 21, 2014, 13:12