Last Updated: Monday, December 30, 2013, 23:46

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम में छिटपुट बौछारों ने ठंड का प्रकोप और बढ़ा दिया जबकि शहर में सुबह न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री दर्ज किया गया जो दिसम्बर के महीने में दशक का सबसे कम तापमान है।
मौसम विभाग के अनुसार रात साढ़े आठ बजे सफदरजंग में एक मिलीमीटर जबकि पालम मौसम विभाग स्टेशन में 0.6 मिलीमीटर वष्रा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहने और दोपहर तक गरज व चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दिल्ली में सुबह तापमान गिरकर 2.4 डिग्री तक पहुंच गया जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम था। कल का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
कोहरे की घनी चादर और ठंडी हवाओं के कारण शहर के लोग दिन के शुरआती घंटों में ठंड से कांपते रहे। पिछले 24 घंटों में दर्ज किया गया अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे यानि 19.7 डिग्री सेल्सियस पर था।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सोमवार को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री पूरे दशक में दिसंबर का न्यूनतम तापमान है।’’ बारिश के बाद रात साढ़े आठ बजे अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 और सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 30, 2013, 23:46