पंजाब और हरियाणा में कोहरे से सामान्य जनजीवन प्रभावित

पंजाब और हरियाणा में कोहरे से सामान्य जनजीवन प्रभावित

चंडीगढ़ : पूरे पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, चंडीगढ़, अंबाला, करनाल, हिसार, भठिंडा, लुधियाना, अमृतसर, जालंधर सहित अन्य स्थानों पर कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर कम रहा।

पिछले कुछ दिनों से कोहरे के कारण क्षेत्र में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ और सड़क, रेल और वायु यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। इस बीच, हरियाणा के नारनौल का न्यूनतम तापमान दोनों राज्यों में सबसे कम, सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है।

पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना और पटियाला का न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.6 और 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अंबाला का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 24, 2013, 13:32

comments powered by Disqus