चुनाव नतीजों से निराश न हों : मुलायम

चुनाव नतीजों से निराश न हों : मुलायम

चुनाव नतीजों से निराश न हों : मुलायमलखनऊ : लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को पार्टी के सभी पराजित प्रत्याशियों की बैठक करके सपा के खराब प्रदर्शन का कारण जानने की कोशिश की और निराश न होकर जनता का भरोसा दोबारा हासिल करने की सलाह दी।

पार्टी राज्य मुख्यालय पर आयोजित बैठक में मौजूद मुख्यमंत्री और सपा के प्रान्तीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रत्याशियों से हार के कारणों के बारे में पूछा।

सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी के मुताबिक बैठक में प्रत्याशियों ने अपनी उम्मीदवारी वाले क्षेत्रों के समीकरणों के उतार-चढ़ाव के बारे में पार्टी प्रमुख को बताया। यादव ने प्रत्याशियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव परिणामों से मायूस न होने और जनता का भरोसा फिर से हासिल करने की सलाह दी और कहा जिन सिद्धांतों के लिये सपा प्रतिबद्ध रही है, उनके लिये संघर्ष जारी रहेगा।

चौधरी के अनुसार यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि लोकतंत्र में जनशक्ति सबसे बड़ी है। हमें जनता के बीच जाकर तत्काल उसका आभार व्यक्त करना चाहिये। जनसामान्य को विश्वास दिलाया जाए कि सपा सुख दुख में उसके साथ रहेगी। राजनीति में पूरे आत्मविश्वास के साथ जुटे रहें और कतई निराश ना हों।

चौधरी ने बताया कि लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी रहे नेताओं ने यादव को यकीन दिलाया कि वे उनके नेतृत्व में प्रदेश के विकास और सामाजिक न्याय के लिये काम करते रहेंगे। (एजेंसी)

First Published: Monday, May 19, 2014, 20:33

comments powered by Disqus