`AAP की पोल खोलने में जुट जाएं भाजपा कार्यकर्ता`

`AAP की पोल खोलने में जुट जाएं भाजपा कार्यकर्ता`

नई दिल्ली : भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष विजय गोयल ने आज अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आम आदमी पार्टी (आप) की पोल खोलने में जुट जाएं। भाजपा ने सत्ताधारी पार्टी के दो मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदेश कार्यकारिणी की एक बैठक को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि ‘आप’ और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और यदि कांग्रेस अरविंद केजरीवाल सरकार के कामकाज के तौर-तरीकों से वाकई असंतुष्ट है तो उसे अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

भाजपा ने कानून मंत्री सोमनाथ भारती और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पर ‘भ्रष्ट’ होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। गोयल ने कहा, ‘पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘आप’ की पोल खोलने में जुट जाना चाहिए और जमीनी स्तर पर काम करना चाहिए जिससे दिल्ली में सभी सात लोकसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित हो सके।’ भाजपा नेता ने कहा, ‘आप का जनलोकपाल विधेयक एक राजनीतिक स्टंट हैं...‘आप’ को अपने भ्रष्ट मंत्रियों को बर्खास्त करना चाहिए।’ गोयल ने कहा कि नरेंद्र मोदी का रास्ता रोकने की कांग्रेस की कोशिशें कामयाब नहीं हो पाएंगी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, February 5, 2014, 23:00

comments powered by Disqus