Last Updated: Friday, February 14, 2014, 13:59

नई दिल्ली : उप राज्यपाल नजीब जंग ने आज दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष को सलाह दी कि वह आम आदमी पार्टी सरकार को जनलोकपाल विधेयक विधानसभा में पेश करने की अनुमति न दें। ‘आप’ सरकार का कहना है कि वह इस मुद्दे पर ‘पुनर्विचार’ नहीं करेगी। उप राज्यपाल नजीब जंग ने कहा कि सदन में पेश करने के लिए विधेयक को आवश्यक मंजूरी नहीं मिल पाई है।
विधानसभा अध्यक्ष एम एस धीर को लिखे पत्र में उप राज्यपाल ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने विधेयक सदन में पेश करने के लिए मंजूरी हासिल करने की खातिर आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया है। पत्र मे उन्होंने धीर से कहा है कि सदन का संरक्षक होने के नाते उन्हें इस मुद्दे से निपटते समय इन पहलुओं को ध्यान में रखना चाहिए।
शीर्ष सूत्रों ने बताया कि जंग के पत्र का सार यह है कि विधानसभा अध्यक्ष को विधेयक सदन में पेश करने की अनुमति नहीं देना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष को उप राज्यपाल द्वारा पत्र भेजे जाने के तत्काल बाद ‘आप’ सरकार के सूत्रों ने बताया कि वे विधेयक सदन में पेश करने के फैसले पर ‘पुनर्विचार’ नहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीती रात फिर दोहराया कि अगर कांग्रेस और भाजपा प्रस्तावित विधेयक को पारित नहीं होने देते हैं तो वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा ‘हम सत्र की अवधि आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं। हम यहां सरकार बचाने के लिए नहीं हैं। हम आज सदन में विधेयक पेश करेंगे। अगर वह अनुमति देते हैं तो ठीक है अन्यथा मैं इस्तीफा दे दूंगा।’ (एजेंसी)
First Published: Friday, February 14, 2014, 08:51