Last Updated: Tuesday, March 11, 2014, 19:43
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को राज्य की तीन सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की, जिसके अनुसार पार्टी प्रमुख और निवर्तमान सांसद शिबू सोरेन उर्फ गुरु जी दुमका एक बार फिर दुमका सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य और पार्टी की कोर कमिटी के सचिव विनोद पांडेय ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इस आशय की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि हाल ही में कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हुए विजय हांसदा राजमहल लोकसभा सीट से और पार्टी विधायक जगन्नाथ महतो गिरिडीह से चुनाव लड़ेंगे। विजय दिवंगत नेता थामस हांसदा के पुत्र हैं।
झामुमो ने अपने कोटे की चौथी सीट जमशेदपुर से पार्टी ने अभी अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। यहां से पार्टी राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत सुधीर महतो की पत्नी सविता महतो को चुनावी मैदान में उताराना चाहती थी। लेकिन महातो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
कांग्रेस के साथ हुए समझौते के अनुसार झामुमो को झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से सिर्फ चार सीटें मिली हैं। संभावना है कि बाकि दस सीटों का बंटवारा कांग्रेस और राजद के बीच होगा। इस पूरे प्रकरण में झामुमो के विधायक और अजरुन मुंडा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे हेमलाल मुर्मू ने पार्टी से लोकसभा चुनाव लड़ने का अवसर नहीं मिलने पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए पिछले सप्ताह इस्तीफा दे दिया। उन्होंने भाजपा से टिकट मिलने की संभावना तलाशते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अजरुन मुंडा से मुलाकात की थी।
मुर्मू ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की थी कि वह पार्टी के विधायक दल के नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के तानाशाही रवैये के कारण झामुमो की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, March 11, 2014, 19:43