Last Updated: Saturday, December 28, 2013, 16:15
नई दिल्ली : दिल्ली की राजनीति में नये युग का सूत्रपात करने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने आज राज्य के मुख्यमंत्री पद के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ली और जनता को भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने सत्ता में अहंकार नहीं आने देने का भी विश्वास जताया।
राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी 45 वर्षीय केजरीवाल ने अन्ना हजारे के जन- लोकपाल आंदोलन से अलग होकर करीब एक साल पहले नयी पार्टी का गठन किया था और हाल ही में दिल्ली विधानसभा चुनावों में 70 सीटों में से 28 सीटें जीतकर आश्चर्यजनक सफलता हासिल की।
केजरीवाल ने छह नये मंत्रियों के साथ ऐतिहासिक रामलीला मैदान में पद और गोपनीयता की शपथ ली जो करीब ढाई साल पहले जन लोकपाल विधेयक के लिए चलाये गये अन्ना हजारे के अभूतपूर्व आंदोलन का साक्षी बना था।
केजरीवाल के साथ मनीष सिसौदिया, सोमनाथ भारती, सत्येंद्र जैन, राखी बिड़ला, गिरीश सोनी और सौरभ भारद्वाज को भी उपराज्यपाल नजीब जंग ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने चिर परिचित अंदाज में शर्ट-पेंट के उपर नीला स्वेटर पहने केजरीवाल ने नेताओं की कुर्ता-पजामा वाली परंपरागत छवि को तोड़ा।
समारोह में अन्ना हजारे और किरण बेदी को भी आमंत्रित किया गया था। हालांकि वे समारोह में नहीं आए। समारोह में उपस्थित नेताओं में भाजपा नेता हषर्वर्धन प्रमुख थे जो नयी विधानसभा में विपक्ष के नेता होंगे। जिनकी केजरीवाल ने अच्छा व्यक्ति बताते हुए तारीफ भी की। अन्य पार्टियों के विधायकों में जदयू विधायक शोएब इकबाल भी समारोह में दिखाई दिये। (एजेंसी)
First Published: Saturday, December 28, 2013, 16:14