Last Updated: Monday, April 28, 2014, 09:48
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित अन्य हिस्सों में पिछले दो तीन दिनों से तापमान में वृद्घि दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी और तापमान में वृद्धि होगी।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं की वजह से अचानक तापमान में वृद्घि दर्ज की गई है। अगले कुछ दिनों में तापमान में और वृद्धि होने तथा गर्म हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में सोमवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
लखनऊ का रविवार को न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 41.1 डिग्री सेल्सियस किया गया। उल्लेखनीय है कि रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बांदा, मिर्जापुर और गाजीपुर में दर्ज किया गया था। इन जगहों पर अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि सबसे अधिक गर्मी राजधानी में महसूस की गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री, इलाहाबाद का 22 डिग्री, देवरिया का 21.2 डिग्री और कुशीनगर का 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 28, 2014, 09:48