Last Updated: Wednesday, January 22, 2014, 10:48

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक ऐसा रास्ता अपना रही है जो ‘माओवादी विचारधारा का प्रकटीकरण है’। इसने आप और कांग्रेस के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया और कहा कि इनमें से किसी भी पार्टी को लोगों को हो रही मुश्किल की परवाह नहीं है।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष विजय गोयल ने यहां संसद मार्ग पर दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी द्वारा किए गए प्रदर्शन में कहा कि आप का उद्देश्य अराजकता की स्थिति पैदा करना है, जो माओवादी विचारधारा का प्रकटीकरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक हित साधने के लिए आप के साथ मिलीभगत कर रखी है।
गोयल ने कहा कि बड़ी चिंता यह है कि कांग्रेस, आप का समर्थन कर रही है। इससे आप और कांग्रेस का असली चरित्र भी उजागर होता है। भाजपा नेता ने कहा कि वे अपने राजनीतिक हित साधने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्हें दिल्ली के लोगों को हो रही दिक्कतों की परवाह नहीं है। भाजपा के युवा प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली भाजपा कार्यालय से केजरीवाल के धरनास्थल रेल भवन की ओर रुख किया, लेकिन पुलिस और आईटीबीपी ने उन्हें संसद मार्ग पर रोक दिया।
भारती के इस्तीफे की मांग करते हुए तथा आप और अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ नारे लगाते हुए बैरीकेड तोड़ने की कोशिश की और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्कामुक्की की। गोयल के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया और उन्हें संसद मार्ग थाने ले जाया गया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
First Published: Wednesday, January 22, 2014, 10:48