कश्मीर और लद्दाख में शीतलहर का प्रकोप जारी

कश्मीर और लद्दाख में शीतलहर का प्रकोप जारी

श्रीनगर : कश्मीर और लद्दाख के कई भागों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गई और श्रीनगर शहर सहित कई स्थानों पर रविवार की रात मौसम की सर्वाधिक ठंडी रात थी।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में कल रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो कल के पहले वाली रात के तापमान के मुकाबले 1.6 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे एक रात पहले यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि जाड़े के इस मौसम में अभी तक श्रीनगर में यह सबसे सर्द रात थी।

लद्दाख क्षेत्र के करगिल में कल रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 18.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। लेह में भी कल मौसम की सबसे सर्द रात रही और यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 17.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे एक रात पहले यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 17.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था।

कश्मीर के गेटवे काजीगुंद का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से 9.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Monday, December 30, 2013, 14:36

comments powered by Disqus