दिल्ली में कोहरे का प्रकोप; विमान, रेल सेवा प्रभावित

दिल्ली में कोहरे का प्रकोप; विमान, रेल सेवा प्रभावित

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सोमवार को घने कोहरे में लिपटी रही। शहर में सुबह से ही कोहरे की मोटी परत छाए रहने से विमान एवं रेल सेवाएं बाधित रही। मौसम विभाग ने दिन के समय बादल छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई।

सुबह के समय न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से एक प्रवक्ता ने कहा कि कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम होने के कारण विमान परिचालन बाधित हुआ है। उत्तर रेलवे के मुताबिक दिल्ली आने वाली 31 रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से देर से चल रही हैं, जबकि चार रेलगाड़ियों के समय में फेर-बदल किया गया है।

शहर में छाए घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को दिन में भी गाड़ियों की लाइटें जलानी पड़ रही हैं। काम के लिए हर रोज दिल्ली से गुड़गांव की यात्रा करने वाली आकृति सूद का कहना है कि दृश्यता इतनी कम है कि कोहरे में गाड़ी चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है। आईएमडी के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहेगा। सुबह 8.30 बजे वातावरण में आद्र्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई। राजधानी में रविवार का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 20, 2014, 12:55

comments powered by Disqus