Last Updated: Sunday, February 23, 2014, 14:23
मेरठ : गन्ने के मुल्य पर मेरठ-दिल्ली हाइवे समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 28 स्थानों पर राष्ट्रीय लोकदल 25 फरवरी को चक्का जाम करेगा। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष सत्यवीर त्यागी ने आज यहां चक्का जाम के स्थान तय कर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी।
संवाददाताओं को चक्का जाम की जानकारी देते हुए सत्यवीर त्यागी ने बताया कि मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाइवे के दो दर्जन से अधिक स्थान चिह्नित किये गए हैं जहां रालोद कार्यकर्ता चक्का जाम करेंगे। रालोद नेता ने बताया कि चक्का जाम के दौरान आपातकालीन सेवाओं और इंटरव्यू के लिए जाने वाले छात्र-छात्राओं को नही रोका जाएगा। साथ ही चक्का जाम को शांतिपूर्वक और अहिंसक तरीके से करने के निर्देश कार्यकर्ताओं और नेताओं को दिए गए हैं।
सत्यवीर त्यागी ने बताया कि मेरठ-दिल्ली हाइवे पर परतापुर और दौराला में तथा मेरठ-करनाल मार्ग पर स्थित नानू नहर पर, रोहटा स्थित पूठ पुल पर, गढ़ रोड स्थित हसनपुर में तथा छोटा मवाना, खरखौदा, किला परीक्षितगढ़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुल 28 स्थानों पर पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता जाम लगाएंगे।
रालोद नेता ने कहा कि सपा सरकार किसानों के मुद्दे पर फेल हो चुकी है। न तो किसानों का गन्ना बकाये का पैसा मिल रहा है और न ही किसानों को कोई सुविधा। इस स्थिति को रालोद सहन नही कर सकता है। उन्होंने कहा कि किसानों की हालत में सुधार होने तक उनका आंदोलन किसी ना किसी रुप में जारी रहेगा। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 23, 2014, 14:23