Last Updated: Sunday, October 6, 2013, 14:14

हैदराबाद : विभाजन विरोधी आंदोलकारियों द्वारा बड़े पैमाने पर की जा रही हिंसा के कारण विजयनगरम शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है और पुलिस को लोगों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिये गये हैं। आंध्र प्रदेश राज्य से अलग कर तेलंगाना राज्य बनाने के केन्द्रीय कैबिनेट के निर्णय के बाद से तटीय आंध्र का शहर विजयनगरम में अशांति है।
पुलिस महानिरीक्षक (उत्तर तटीय क्षेत्र) द्वारका तिरूमाला राव ने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा आगजनी, एक बैंक को जलाये जाने और सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने सहित बडे पैमाने पर हिंसा की खबरें हैं। हिंसा को देखते हुए अधिकारियों ने कल रात कर्फ्यू का आदेश जारी कर दिया।
उन्होंने कहा कि लोगों को निर्देश दिया गया है कि बिना इजातत के वह सड़कों पर नहीं आए। यह कर्फ्यू अगले आदेश तक लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू में ढ़ील स्थिति को देखते हुये दी जाएगी। हम लोग यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि लोग सड़कों पर नहीं निकले। गुरुवार से भारी हिंसा के बाद शहर में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। शहर में स्थित आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोतसा सत्यनारायण के घर पर शुक्रवार को हमला किया गया।
राव ने बताया कि कल रात की घटनाओं में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गये हैं। 48 घंटे के बंद के अपने आह्वान को आंध्र प्रदेश अराजपत्रित अधिकारी संगठन ने कल रात समाप्त कर दिया। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि कुल मिला कर सीमांध्र में स्थिति सामान्य है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, October 6, 2013, 14:14