Last Updated: Thursday, January 23, 2014, 12:47
ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : अफ्रीकी महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ विरोध के सुर तेज हो गए हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को विधि मंत्री सोमनाथ भारती को लेकर पैदा हुए विवाद की पृष्ठभूमि में उप राज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की।
वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ कार्रवाई का दबाव और बढ़ गया जब एक अफ्रीकी महिला ने उनकी पहचान आधी रात को घर में घुसकर अफ्रीकी महिलाओं से दुर्व्यवहार करने वाले समूह का कथित तौर पर नेतृत्व करने वाले के रूप में की।
महिला अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि भारती ने महिलाओं से संबंधित अधिकारों का उल्लंघन किया है और कानून को अपने हाथों में लिया है। दिल्ली महिला आयोग ने भारती को तलब भी किया है। वहीं,
कांग्रेस ने सोमनाथ भारती को तत्काल गिरफ्तार करने और हटाने की मांग की है। कई महिला संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख अरिवंदर सिंह और वरिष्ठ नेता मुकेश कुमार ने कहा कि युगांडा की एक महिला द्वारा हमलवार भीड़ की अगुवाई करने वाले के रूप में पहचान किए जाने के बाद भारती को खुद ही अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
आप सरकार और सत्तारूढ पार्टी को प्रतिद्वन्द्वियों और महिला कार्यकर्ताओं के भारी विरोध और हमलों का सामना करना पड़ रहा है। इनका कहना है कि मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के नाम पर दो दिनों का धरना प्रदर्शन किया लेकिन अपने मंत्री के मामले में दोहरे मापदंड अपना रहे हैं।
भारती का पिछले सप्ताह पुलिस के साथ उस समय विवाद उत्पन्न हो गया था जब पुलिस ने कथित ड्रग और देहव्यापार गिरोह पर छापेमारी करने से इंकार कर दिया था जिसके बाद उन्होंने अपने समर्थकों सहित कथित तौर पर उन महिलाओं को मूत्र का नमूना देने को मजबूर किया। मंत्री के कारण सरकार को काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है और आप ने उन्हें सार्वजनिक बयान देने में सावधानी बरतने और विनम्र होने का सुझाव दिया है। पार्टी के कई नेता भारती से क्षुब्ध बताये जाते हैं।
मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने वाली एक अफ्रीकी महिला ने कहा कि उन्होंने भारती की पहचान की है जिन्होंने उस समूह का नेतृत्व किया जो उसके घर में घुसे और हमला किया। यूगांडा की महिला ने कहा कि हम पर भारतीयों ने बुधवार की रात हमला किया जिनकी अगुवाई सोमनाथ भारती कर रहे थे, हमें प्रताड़ित किया गया, हमसे मारपीट हुई। उनके हाथों में डंडे थे। वे कह रहे थे कि हमें उनका देश छोड़ देना चाहिए नहीं तो वे हमें एक एक करके मार डालेंगे। महिला ने कहा कि उन्होंने भारती की पहचान की क्योंकि वह रात में आए थे और अगले दिन मुझे वह टीवी पर नजर आए। दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और हमें भीड़ से बचाया। स्वयं को हटाये जाने की मांग पर टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर भारती ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया जबकि उनकी पार्टी के सहयोगियों ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी नागरिक विशेष तौर पर मंत्री को पुलिस को अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहने का अधिकार है।
बहरहाल, महिला अधिकार कार्यकर्ता इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और उनका कहना है कि भारती ने महिलाओं से संबंधित अधिकारों का उल्लंघन किया है और कानून को अपने हाथों में लिया है। दिल्ली महिला आयोग ने भारती को तलब किया है।
उधर, दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती पर इस्तीफे का दबाव बनाने के लिए दिल्ली भाजपा ने अपनी जिला इकाई से 24 जनवरी को धरने पर बैठने को कहा है। भाजपा प्रदेश प्रमुख विजय गोयल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘आप’ महिला विरोधी, विकास विरोधी और आम आदमी विरोधी है।
First Published: Thursday, January 23, 2014, 10:55