केरल की सबसे वृद्ध 115 वर्षीय महिला का निधन

केरल की सबसे वृद्ध 115 वर्षीय महिला का निधन

पथनमथिट्टा (केरल) : पथनमथिट्टा जिले के पर्वतीय इलाके रन्नी में रहने वाली 115 वर्षीय महिला का निधन हो गया। राज्य की सबसे वृद्ध लोगों में शुमार इस महिला ने अपनी पांच पीढ़ियों को देखा था। मृतका के परिवार ने बताया कि स्थानीय लोगों और निकाय अधिकारियों ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर पल्लातू चिन्नाम्मु को सम्मानित किया था। बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण कल उनका निधन हो गया।

चिन्नाम्मु का दावा था कि उनकी उम्र 130 वर्ष थी, लेकिन उनके मतदाता पहचान पत्र में दर्ज उम्र के मुताबिक, वह 115 वर्ष की थीं। उन्होंने बताया कि न तो चिन्नाम्मु और न ही उनके किसी रिश्तेदार के पास ऐसा कोई दस्तावेज था, जिससे की उनकी सही उम्र साबित हो सके, लेकिन 15 वर्ष पहले चुनाव आयोग ने उनकी उम्र सौ वर्ष चिह्नित की थी।

मंगलवार को आयोजित इस सम्मान समारोह के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारियों ने कहा था कि वह दुनिया की सबसे वृद्ध लोगों में से एक हो सकती हैं और सरकार को उनकी सही उम्र पता लगाने के लिए कुछ व्यवस्था करनी चाहिए। परिवार ने बताया कि चिन्नम्मू छह दशक पहले अपने पति के साथ रन्नी आकर बसी थीं। उनके पति भद्रन का 35 वर्ष पहले निधन हो गया था और उनके परिवार में करीब 140 लोग हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, October 5, 2013, 20:04

comments powered by Disqus