1984 के दंगे गहरी साजिश के परिणाम थे : बादल

1984 के दंगे गहरी साजिश के परिणाम थे : बादल

चंडीगढ़ : ऑपरेशन ब्लू स्टार मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आज कहा कि 1984 के दंगे ‘एक गहरी साजिश का परिणाम’ थे और यह साजिश तत्कालीन केंद्र सरकार और कांग्रेस ने मिलकर रची थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के इस आरोप को कि बादल आपरेशन ब्लू स्टार के मुद्दे को उछालकर राजनीतिक हित साधना चाहते हैं, शिरोमणि अकाली दल नेता ने ‘गलत और बेबुनियाद’बताया।

बादल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जो कुछ अमरिंदर ने कहा वह गलत और बेबुनियाद है। उसमें कोई सत्य नहीं है। अमरिंदर को आपरेशन ब्लू स्टार के बाद जेल नहीं जाना पड़ा था, लेकिन मैंने कई महीने जेल में गुजारे थे।’ 1984 के दंगों के बारे में बादल ने कहा, ‘सच सभी को पता है। कितने आयोगों का गठन किया गया ...मैं किसी का पक्ष लेने की कोशिश नहीं कर रहा हूं, लेकिन हर कोई जानता है कि इन दंगों की साजिश पूरी तरह तत्कालीन केंद्र सरकार और कांग्रेस पार्टी ने मिलकर रची। यह एक बड़ी साजिश थी। क्या कभी किसी ने ऐसा कहा कि इसमें भाजपा या अकाली दल का हाथ था।’

सिंह के इन आरोपों पर कि बादल ने सेना में भर्ती सिखों से आपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के दंगों के बाद विद्रोह करने के लिए कहा था, उन्होंने कहा, ‘इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। ये झूठे आरोप हैं। उस समय भावनाएं इतनी बलवती थीं, सिर्फ सिख ही नहीं, यहां तक कि सही सोच वाले हिंदू और अन्य लोगों ने भी उन घटनाओं की निंदा की थी, जो घटित हो रही थीं।’ 2002-07 के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री रहे सिंह ने आरोप लगाया था कि बादल आपरेशन ब्लू स्टार के मुद्दे को चुनाव के समय पर उछालते हैं ताकि निर्दोष लोगों की भावनाओं का अपने हक में इस्तेमाल किया जा सके।

First Published: Saturday, February 8, 2014, 17:42

comments powered by Disqus