मंडेला का अंतिम संस्कार 15 दिसंबर को, श्रद्धांजलि देने दक्षिण अफ्रीका जाएंगे ओबामा, बुश, क्लिंटन

मंडेला का अंतिम संस्कार 15 दिसंबर को, श्रद्धांजलि देने दक्षिण अफ्रीका जाएंगे ओबामा, बुश, क्लिंटन

मंडेला का अंतिम संस्कार 15 दिसंबर को, श्रद्धांजलि देने दक्षिण अफ्रीका जाएंगे ओबामा, बुश, क्लिंटनज़ी मीडिया ब्यूरो
वाशिंगटन/जोहांसबर्ग: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश तथा बिल क्लिंटन दक्षिण अफ्रीका जाकर रंगभेद विरोधी आंदोलन के नायक नेल्सन मंडेला के लिए आयोजित होने वाली प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। उधर, दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला का अंतिम संस्कार 15 दिसंबर को किए जाने की घोषणा शुक्रवार को की। यह फैसला जोहांसबर्ग में मंडेला के परिवार से राष्ट्रपति जैकब जुमा की मुलाकात के बाद किया गया। बीते गुरूवार को 95 साल के मंडेला का निधन हो गया था। राष्ट्रपति जुमा ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार उत्तरी प्रांत ईस्टर्न केप स्थित उनके घर कुनु में किया जाएगा। अंतिम संस्कार के दिन तक 10 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित रहेगा। उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर से 13 दिसंबर को मंडेला का शव प्रिटोरिया के यूनियन बिल्डिंग में रखा जाएगा। राष्ट्रीय शोक के बीच आठ दिसंबर को डे ऑफ प्रेयर एंड रिफ्लेक्शन और 10 दिसंबर को आधिकारिक यादगार दिवस जोहांसबर्ग में मनाया जाएगा।

व्हाइट हाउस ने कल कहा कि राष्ट्रपति ओबामा तथा उनकी पत्नी मिशेल ओबामा अगले सप्ताह दक्षिण अफ्रीका जाकर मंडेला को श्रद्धांजलि देंगे। बुश के एक प्रवक्ता ने कहा कि ओबामा के साथ राष्ट्रपति बुश तथा उनकी पत्नी लॉरा बुश भी होंगे। ओबामा और मिशेल ने बुश दंपति को दक्षिण अफ्रीका जाने के लिए निमंत्रित किया है। व्हाइट हाउस ने कहा कि यात्रा संबंधी प्रबंध किए जा रहे हैं और यह अभी स्पष्ट नहीं है कि ओबामा और बुश दंपति कब रवाना होंगे। आगामी 15 दिसंबर को मंडेला के अंतिम संस्कार के बाद जोहानिसबर्ग के एक स्टेडियम में प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने कहा कि उनकी भी अपनी पत्नी हिलेरी क्लिंटन के साथ दक्षिण अफ्रीका जाने की योजना है। ओबामा ने पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज एच डब्ल्यू को भी दक्षिण अफ्रीका जाने के लिए आमंत्रित किया था लेकिन 89 वर्षीय बुश सीनियर ने कहा कि वह यात्रा करने में समर्थ नहीं हैं।

मंडेला की पत्नी को ओबामा ने दी सांत्वना

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दक्षिण अफ्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला की पत्नी ग्रेसा माशेल को फोन कर उन्हें वैश्विक रंगभेद विरोधी आंदोलन के प्रणेता मंडेला के निधन पर सांत्वना दी है। वैश्विक रंगभेद विरोधी आंदोलन के प्रणेता नेल्सन मंडेला का लंबी बीमारी के बाद कल जोहानिसबर्ग में निधन हो गया। व्हाइट हाउस से जारी एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने खुद पर नेल्सन मंडेला के व्यापक प्रभाव के लिए माशेल को शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंडेला का ना सिर्फ दक्षिण अफ्रीका बल्कि पूरे विश्व पर गहरा प्रभाव है।

बयान के अनुसार, ओबामा ने माशेल को कल फोन किया। उन्होंने मंडेला के जीवन में खुशियां लाने के लिए और मंडेल के साथ शांति की प्रतिबद्धता पर कायम रहने तथा दुनिया से प्रेम करने के लिए भी उनका आभार व्यक्त किया। बाद में शाम को क्रिसमस ट्री रोशन करते हुए ओबामा ने एक बार फिर मंडेला को याद किया। उन्होंने कहा उन्होंने पूरे गरिमा और अदम्य साहस के साथ अपना जीवन जिया। हम ईश्वर के आभारी हैं कि हमें मंडेला की अच्छाइयां और उनका संघर्ष देखने का मौका मिला।

First Published: Saturday, December 7, 2013, 11:13

comments powered by Disqus