Last Updated: Tuesday, November 5, 2013, 11:35
माइदुगुरी : अशांत पूर्वोत्तर नाइजीरिया में उग्रवादियों ने पिछले सप्ताह दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 40 लोगों की हत्या कर दी और एक दर्जन अन्य लोगों को घायल कर दिया। इलाके के स्थानीय प्रशासन के एक अधिकारी बाबा शेहू ने कल बताया कि बृहस्पतिवार की रात लगभग 70 बंदूकधारियों ने मोटरसाइकिल से बोर्नो राज्य के बामा शहर पर हमला बोल दिया।
बोर्नो की राजधानी माइदुगुरी में शेहू ने संवाददाताओं को बताया कि उन लोगों ने गोली चलाई जिससे 27 लोगों की मौत हो गयी और 12 घायल हो गये। लगभग 300 घरों को उन्होंने आग लगा दी।
उन्होंने बताया कि अचानक जब लोगों ने बंदूकधारियों को देखा तो वे जाने लगे लेकिन उग्रवादियों ने उन पर गोलीबारी कर दी। उन्होंने बताया कि घायलों का एक स्थानीय अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। शेहू ने बताया कि शनिवार को एक अन्य घटना में, इसी इलाके में एक बस में यात्रा कर रहे 13 लोगों पर उग्रवादियों ने घात लगा कर हमला किया और उनकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने अचानक यात्रियों पर हमला कर दिया। कुछ यात्री वाहन से सुरक्षित बच निकले लेकिन विद्रोहियों ने उनका पीछा किया और मार डाला। इस हमले के बारे में अभी और कोई विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, November 5, 2013, 11:35