Last Updated: Monday, October 7, 2013, 09:50
जोहानिसबर्ग : वैश्विक शांति के प्रतीक नेल्सन मंडेला की पूर्व पत्नी विन्नी मैडिकिजेला-मंडेला ने कहा है कि मंडेला अब बिल्कुल स्वस्थ हैं। करीब तीन माह तक अस्पताल में रहे मंडेला फिलहाल घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
मैडिकिजेला-मंडेला ने कल दक्षिण अफ्रीका के सरकारी प्रसारक एसएबीसी को बताया, अब वह स्वस्थ हैं। अफ्रीका के उत्साह, उनके पूर्वजों और हमारे पूर्वजों ने उन्हें हम सबके बीच सलामत रखा है। एक सितंबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मंडेला को उनके जोहानिसबर्ग स्थित घर पर गहन उपचार में रखा गया है। उन्हें श्वांस से संबंधित बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। प्रिटोरिया के एक अस्पताल में वे 86 दिन रहे थे। 95 वर्षीय मंडेला की स्थिति नाजुक लेकिन स्थिर बताई जा रही थी।
हाल के सप्ताहों में मंडेला के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार देखा गया है। पिछले माह उनके पोते ने कहा था कि अब वे अपने बिस्तर पर बैठते हैं और पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं।
वर्ष 1994 में मंडेला दक्षिण अफ्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति बने थे। मंडेला के नेतृत्व में श्वेत अल्पसंख्यक समुदाय का वर्चस्व खत्म हुआ और अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस सत्ता में आई। लेकिन इसके लिए उन्हें लंबा संघर्ष करना पड़ा था। उन्होंने 27 साल जेल में बिताए जहां उन्हें फेफड़ों सहित कई बीमारियां हो गई थीं। अब उनकी फेफड़ों की समस्या बढ़ गई है। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 7, 2013, 09:50