Last Updated: Tuesday, March 11, 2014, 21:45
काबुल : उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी आज अफगानिस्तान के प्रथम उपराष्ट्रपति मार्शल मोहम्मद कासिम फहीम के जनाजे में शामिल हुए और कहा कि फहीम के इंतकाल से भारत ने एक ‘सच्चा साझेदार’ खो दिया। अंसारी ने फहीम को अफगानिस्तान का ‘महान सपूत’ तथा अफगान जनता का ‘उंचे कद का नेता’ करार दिया।
उन्होंने यहां शोक संदेश पुस्तिका में कहा, ‘‘भारत ने एक सच्चा साझेदार खो दिया है।’’ इससे पहले अंसारी एक प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां पहुंचे। उनके प्रतिनिधिमंडल में अफगानिस्तान में भारत के राजदूत रहे विवेक काटजू, राकेश सूद और जयंत प्रसाद शामिल हैं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के विशेष दूत सतिंदर लांबा भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
मार्शल फहीम शनिवार को गुजर गए थे। उनकी उम्र 57 साल थी। उनके निधन पर शोक प्रकट करते हुए सिंह ने कहा कि मार्शल फहीम भारत के घनिष्ठ मित्र थे और भारत दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने में उनके निजी योगदान को कभी नहीं भूलेगा। मार्शल फहीम उपराष्ट्रपति के न्यौते पर 2011 में भारत आए थे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, March 11, 2014, 21:45