Last Updated: Monday, March 10, 2014, 11:16
सिम्फेरोपोल (यूक्रेन) : क्रीमिया और उसके आसपास दो अलग अलग घटनाओं में रूस समर्थक उग्रवादियों ने कथित तौर पर चार यूक्रेनी कार्यकर्ताओं को बंधक बना लिया। घटनाओं के प्रत्यक्षदर्शी एक पत्रकार और एक कार्यकर्ता के परिजन ने बताया कि उग्रवादी कार्यकर्ताओं को पकड़कर ले गए जिसके बाद से वे लापता हैं।
एक इंटरनेशनल रिपोर्ट के अनुसार, कल क्रीमिया एवं शेष यूक्रेन के बीच की अनाधिकारिक सीमा से लगे आर्मयांस्क गांव के पास कुछ बंदूकधारियों को दो महिलाओं के साथ देखा गया। महिलाओं के हाथ बंधे थे और वह जमीन पर घुटने टेककर बैठी थीं। उनका सामान जमीन पर बिखरा था जिसमें विरोध प्रदर्शन संबंधी स्टीकर भी थे।
वहीं, कीव में यूरोपीय संघ समर्थक आंदोलन के प्रवक्ता सव्यातोस्लाव यूरोश ने कहा कि उग्रवादियों ने दो नहीं बल्कि तीन महिला कार्यकर्ताओं को बंधक बनाया है। तीनों साथ यात्रा कर रही थीं। एक दूसरी घटना में एक कार्यकर्ता ने बताया कि उसके पिता और एक अन्य व्यक्ति को उग्रवादी पकड़कर ले गए। यूक्रेन के गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने ना तो घटनाओं की पुष्टि की है ना ही उनसे इनकार किया है। (एजेंसी)
First Published: Monday, March 10, 2014, 11:16