Last Updated: Friday, March 7, 2014, 19:33
मास्को : कुछ लोगों के हमले में पुसी रायट समूह की दो सदस्य घायल हुई हैं। अज्ञात लोगों ने गुरुवार को महिला सदस्यों पर उस वक्त ज्वलनशील पदार्थों से हमला किया जब वे मैकडोनाल्ड रेस्तरां में अपने क्रू मेंबरों के साथ नाश्ता कर रही थीं। रिपोर्ट के मुताबिक अज्ञात लोगों ने पुसी रायट समूह की दो सदस्यों मारिया अलयोखिना और नाडेज्डा तोलोकोन्निकोवा पर एंटीसेप्टिक, काली मिर्च और हथियारों से हमला किया।
पुसी रायट की ओर से जारी एक वीडियो में रूसी शहर निज्नी नोवग्रोद स्थित मैकडोनाल्ड की एक दुकान में छह युवा पुरुषों को महिला सदस्यों पर हमला करते हुए दिखाया गया। पुरुषों ने महिलाओं के लिए अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने के साथ ही अपनी मारपीट की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।
एक पकड़े गए युवक ने नारे लगाए, `गंदी औरतें, शहर से बाहर जाओ।`
पुसी रायट्स के वकील येवगेनी गुबिन ने कहा कि हमलावरों ने महिलाओं पर `धातु से बनी वस्तुएं` फेंकीं।
पुसी रायट्स की सदस्यों पर हमला पहली बार नहीं हुआ है। इसके पहले भी इन सरकार-विरोधी प्रदर्शनकारियों पर हमले हो चुके हैं। इस समूह की कुछ सदस्य दो साल की सजा भुगत कर जेल से बाहर आई हैं। सरकार के खिलाफ हंगामा करने पर पुसी रायट्स के सदस्यों को जेल की सजा हुई थी।
तोलोकोन्निकोवा ने ट्विटर पर डॉक्टरों का बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि तोलोकोन्निकोवा की आंखों, चेहरे और हाथ पर जलने के निशान हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 7, 2014, 19:33