रूस ने पूर्व यूक्रेन के जनमत संग्रह का समर्थन किया

रूस ने पूर्व यूक्रेन के जनमत संग्रह का समर्थन किया

रूस ने पूर्व यूक्रेन के जनमत संग्रह का समर्थन कियामास्को : रूस ने पूर्व यूक्रेन में जनमत संग्रह में स्वशासन के पक्ष में जबरदस्त समर्थन पाने के विद्रोहियों के दावों को सोमवार को स्वीकार कर लिया, लेकिन साथ ही अंतरिम यूक्रेनी सरकार और विद्रोही नेताओं के बीच वार्ता का भी आह्वान किया।

उधर, यूरोपीय संघ के मंत्रियों ने रूस पर प्रतिबंध बढ़ाने के मुद्दे पर विचार करने के लिए ब्रेसल्स में अपनी बैठक की तैयारियां शुरू कर दी है। रूस ने एक बयान में कहा, ‘‘मास्को दोनेत्स्क और लुगान्स्क में जनाकांक्षाओं की अभिव्यक्ति का सम्मान करता है।’’ रूसी बयान में ‘‘नतीजों को सभ्य तरीके से, बिना हिंसा की पुनरावृत्ति के कीव, दोनेत्स्क और लुगान्स्क के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता के मार्फत कार्यान्वित करने’’ का आह्वान किया गया है।

उधर उक्रेन की अंतरिम सरकार और अमेरिका तथा उसके सहयोगी पश्चिमी देशों ने जनमत संग्रह को बिना किसी अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक के जल्दबाजी में किया गया ‘‘तमाशा’’ करार दिया है। अलगाववादियों के चुनाव आयोग के मुताबिक रविवार के जनमत संग्रह में दोनेत्स्क प्रांत में कुल 89 फीसदी मतदाताओं ने उक्रेन से अलग होने के पक्ष में मतदान किया। यह प्रांत उन दो क्षेत्रों में से एक है जहां ‘‘जनमत संग्रह’’ कराया गया था।

आयोग के प्रमुख रोमन लेगिन ने दोनेत्स्क प्रांत में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दस फीसदी लोगों ने इसके खिलाफ मतदान किया। ऐसा ही जनमत संग्रह लूगान्स्क प्रांत में भी हुआ जहां से तत्काल परिणाम के बारे में कुछ पता नहीं चला है। लेकिन समझा जाता है कि यहां भी स्वतंत्रता के लिए मतदान दोनेत्स्क के समान ही हुआ होगा।

यूक्रेन की कुल जनसंख्या 4.6 करोड़ है जिसमें से 70 लाख लोग इन्हीं दोनों क्षेत्रों में ही रहते हैं। उसका क्रीमिया प्रायद्वीप पहले ही अलग हो चुका है। अमेरिका और उसके सहयोगी पश्चिमी देशों का कहना है कि वे जनमत संग्रह के नतीजों को स्वीकार नहीं करते।

जनमत संग्रह के दौरान पूर्व यूक्रेन में कुछ स्थानों पर हिंसा हुई। क्रासनोआर्मीस्क के टाउन हाल के बाहर मौजूद भीड़ पर सशस्त्र व्यक्तियों ने गोली चलाई। गोली चलाने वालों की पहचान यूक्रेन की अंतरिम सरकार समर्थक ‘‘नेशनल गार्ड’’ के तौर पर की गई है।

मौके पर मौजूद एएफपी के एक छायाकार ने बताया कि दो लोगों को घटनास्थल पर पड़ा देखा गया। विद्रोहियों के नेता देनिस पुशिलिन के हवाले से इतर-तास समाचार एजेंसी ने बताया कि कई लोगों की जान गई है।

आज स्लावयांस्क शहर में विस्फोटों और गोलीबारी की छिटपुट आवाजें सुनी गईं। उक्रेन की सेना ने अलगाववादियों के नियंत्रण वाले इस शहर की घेराबंदी कर रखी है। उधर यूक्रेन के अंतरिम राष्ट्रपति अलेक्सांद्र तूर्चिनोव ने यूक्रेन की संसद में कहा, ‘‘आतंकवादी अलगाववादी जिसे जनमत संग्रह बता रहे हैं, वह फर्जी है और हत्या, अपहरण, हिंसा और अन्य गंभीर अपराधों को छिपाने के दुष्प्रचार से अधिक कुछ नहीं है।’’ बहरहाल, अंतरिम राष्ट्रपति ने पूर्व यूक्रेन में ऐसे लोगों से बातचीत जारी रखने की इच्छा दोहराई, जिनके हाथ खून से सने नहीं हों और जो अपने लक्ष्यों की वैध तरीके से बचाव करने को तैयार हों।

पश्चिमी देशों को आशंका है कि इस विवादित मतदान से, पूर्व सोवियत गणराज्य के टूटने की रफ्तार बढ़ सकती है और यूरोप के पूर्वी हिस्से में गृहयुद्ध छिड़ सकता है। यूक्रेन को लेकर तनाव के चलते पूर्वी और पश्चिमी देशों के संबंधों पर असर पड़ा है। शीत युद्ध के बाद से अब तक ऐसा नहीं देखा गया था। (एजेंसी)

First Published: Monday, May 12, 2014, 18:04

comments powered by Disqus