Last Updated: Tuesday, April 15, 2014, 23:28

विएना/लंदन/मास्को : यूक्रेन में सशस्त्र विद्रोहियों के कारण उत्पन्न स्थिति के विस्फोटक रूप लेने के बीच जहां रूस ने यूक्रेन में गृहयुद्ध की चेतावनी दी है, वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस समर्थक प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है। इस बीच रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने क्रीमिया के लिए अंतरिम प्रमुख की नियुक्ति कर दी है और रूसी सेना ने यूक्रेन की सेना के पूर्व सैनिकों और असैनिक कर्मियों को अपनी सेवा में ले लिया है।
यूक्रेन के स्वायत्तशासी क्षेत्र क्रीमिया के विलय के बाद पूर्वी यूक्रेन के एक हिस्से में भी रूस समर्थक प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन छेड़ दिया है। सशस्त्र प्रदर्शनकारियों ने सरकारी भवनों पर कब्जा कर लिया है और मंगलवार को उन्हें खदेड़ने के लिए क्रीमिया ने आतंकवाद विरोधी कार्रवाई शुरू कर दी है जिससे स्थिति विस्फोटक हो गई है।
यूरोप में सुरक्षा एवं सहयोग संगठन (ओएससीई) में मास्को के राजदूत आंद्रे केलिन ने सोमवार को कहा कि पूर्वी यूकेन में रूस समर्थकों के खिलाफ सैन्य बल के प्रयोग से यूक्रेन में गृहयुद्ध की स्थिति पैदा हो सकती है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, यूक्रेन स्थिति पर ओएससीई स्थायी परिषद की बैठक के बाद आंद्रे ने कहा कि हमें पूरा यकीन है कि सशस्त्र बलों के इस्तेमाल से गृहयुद्ध भड़क सकता है। इधर यूक्रेन के कार्यवाहक राष्ट्रपति ओलेक्सांद्र तुर्चयनोव ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) से पूर्वी यूक्रेन में शांति सेना भेजने का आग्रह किया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून के साथ फोन पर हुई बातचीत में तुर्चयनोव ने यूक्रेन के संकटग्रस्त पूर्वी क्षेत्रों में यूक्रेन के विशेष बलों और संयुक्त राष्ट्र की शांतिसेना के साथ एक संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थक कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन रोकने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है। अमेरिका ने कहा है रूस के आग्रह पर दोनों राष्ट्रपतियों के बीच `स्पष्ट और सीधी वार्ता हुई।`
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारी ने अपने बयान में कहा है कि राष्ट्रपति ने देश में सभी अनियमित ताकतों के हथियार डालने की जरूरत है। उन्होंने पुतिन से इन सशस्त्र रूस समर्थक समूहों पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने और जिन भवनो पर उन्होंने कब्जा जमा रखा है वहां से हटाने का आग्रह किया है। बयान में रूस को कड़े प्रतिबंधों की चेतावनी देते हुए कहा गया है कि यदि ऐसी स्थिति जारी रही तो पहले से ही फल भुगत रहे रूस को और भी कीमत अदा करनी होगी। पुतिन ने हालांकि यूक्रेन के ताजा संकट में रूसी हस्तक्षेप के आरोप का खंडन किया। उधर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सर्गेई अक्सयोनोव को क्रीमिया के अंतरिम प्रमुख के रूप में नियुक्त करने संबंधी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिया। समाचार एजेंसी इतर-तास के मुताबिक, 14 अप्रैल की तारीख वाला यह आदेश मंगलवार को वैधानिक सूचना पोर्टल पर प्रकाशित किए जाने के साथ ही अमल में आ गया।
पुतिन ने सोमवार को क्रीमिया के प्रधानमंत्री को अक्सयोनोव को अंतरिम प्रमुख के रूप में नियुक्त किए जाने के अपने फैसले से अवगत कराया। पुतिन ने कहा कि क्रीमिया के संविधान को मंजूरी दी जा चुकी है और रूस के मौजूदा कानून के मुताबिक क्रीमिया के अंतरिम प्रमुख की नियुक्त अनिवार्य है। यूक्रेन के 16000 से ज्यादा सैनिकों और असैनिक कर्मचारियों को रूस की सशस्त्र सेना में बहाल कर लिया गया है। यह जानकारी एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने मंगलवार को दी। रूस के प्रथम रक्षा उपमंत्री अर्काडी बाखिन ने कहा कि अभी तक 9,268 यूक्रेनी सैनिकों को रूस की नागरिकता दी जा चुकी है। इसके अलावा काला सागर बेड़े में 7000 से ज्यादा असैनिक कर्मियों को बहाल कर लिया गया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, रूसी सेना के साथ करार करने वाले सभी पूर्व यूक्रेनी सैनिकों को दक्षिणी सैन्य जिले में अतिरिक्त प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बाखिन ने कहा कि मई से ये सैनिक सैन्य प्रतिष्ठानों में सेवा देने के योग्य हो जाएंगे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 15, 2014, 23:28