2012 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचेगा सोना! - Zee News हिंदी

2012 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचेगा सोना!

नई दिल्ली:  इस साल यानी 2012 में लगातार तीसरे बरस सोने की कीमतों में उछाल आ सकता है। दुनिया की एक प्रमुख बहुमूल्य धातु विश्लेषक कंपनी के सर्वेक्षण के अनुसार, 2012 में सोना 2,000 डालर प्रति औंस की रिकार्ड उंचाई पर पहुंच सकता है।

 

लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन के सालाना सर्वेक्षण के अनुसार पीली धातु के लिए औसत अनुमान 2012 के लिए 1,766 डालर प्रति औंस लगाया गया है। सर्वेक्षण में 26 बहुमूल्य धातुओं विश्लेषकों के विचार लिए गए हैं।

 

इस साल सोने का औसत मूल्य 2011 की तुलना में 12.34 प्रतिशत अधिक यानी 1,766 डालर प्रति औंस रहने का अनुमान है। यह जनवरी के पहले सप्ताह की तुलना में 10.2 प्रतिशत अधिक है। सर्वेक्षण में शामिल 26 में से 19 विश्लेषकों का मानना है कि 2012 में सोना 2,000 डालर प्रति औंस के स्तर को लांघ सकता है। भारत में 8 दिसंबर, 2011 को सोना स्टैंडर्ड 29,155 रुपये प्रति दस ग्राम के रिकार्ड स्तर को छू गया।

 

बीते साल यानी 2011 में आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई की वजह से सोने को निवेश का सबसे सुरक्षित विकल्प माना गया। इस वजह से साल के दौरान यह पीली धातु अपनी सर्वकालिक उंचाई पर पहुंच गई। एक औंस 28.35 ग्राम के बराबर होता है। हालांकि विश्लेषक सोने की कीमतों में उछाल की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन वे चांदी, प्लैटिनम और पैलाडियम जैसी अन्य धातुओं को लेकर बहुत अधिक आशान्वित नहीं हैं।

 

एलबीएमए के वाणिज्यिक निदेशक रथ क्रोवेल ने कहा, ‘यदि हम 2012 के औसत पूर्वानुमान की तुलना 2011 के औसत मूल्य से करें, तो अगले 12 माह में बहुमूल्य धातुओं में तेजी की संभावना कहीं कम नजर आती है।’ विश्लेषकों का मानना है कि सोने की कीमतों में जहां 12.3 प्रतिशत का उछाल आएगा, वहीं पैलाडियम का दाम लगभग स्थिर रहेगा।

 

हालांकि विश्लेषकों का कहना है कि चांदी की कीमतों में साल के दौरान 3.2 प्रतिशत की गिरावट आएगी, जबकि प्लैटिनम के दाम 5.6 फीसद घटेंगे। 25 अप्रैल, 2011 को भारत में चांदी के दाम अपनी सर्वकालिक उंचाई 75,020 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए।  (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 8, 2012, 11:23

comments powered by Disqus